“जनता तप रही है, पाइप सूखे हैं, और भाजपा भ्रष्टाचार में डूबी है”, सपा प्रमुख का तीखा हमला
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि, “भाजपा के सत्ता में आने के बाद से महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। जनता अपनी मूलभूत आवश्यकताओं जैसे बिजली और पानी के लिए संघर्ष कर रही है, और भाजपा सत्ता के अहंकार में आंखें मूंदे बैठी है।”
गर्मी में तप रही जनता, बिजली-पानी का संकट गहराया
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिजली कटौती और पेयजल संकट आम हो चुका है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 21 मिनट में चार बार बिजली गुल हो गई। यह स्थिति अखबारों की सुर्खियों में रही। बांदा में ग्रामीणों को 8 घंटे भी बिजली नहीं मिल रही, जबकि आवश्यकता 550 मेगावाट की है।
भाजपा ने नहीं बढ़ाया उत्पादन, निजीकरण को दे रही बढ़ावा
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एक भी यूनिट बिजली का नया उत्पादन नहीं कर पाई है। समाजवादी सरकार के समय बने बिजलीघरों से ही प्रदेश को बिजली मिल रही है। भाजपा सरकार न सिर्फ उत्पादन बढ़ाने में नाकाम रही है, बल्कि निजीकरण को बढ़ावा देकर निजी कंपनियों और उद्योगपतियों को लाभ पहुँचा रही है।
नलों में नहीं पानी, सिर्फ विज्ञापन में दिख रहा ‘हर घर जल’
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की पेयजल योजनाएं ज़मीन पर पूरी तरह फेल हैं। गांव -गांव और शहरों में पाइपलाइनें अधूरी पड़ी हैं, और साल-डेढ़ साल पहले लगे नलों से अब तक एक बूंद भी पानी नहीं आया। जल जीवन मिशन भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है। ना जल मिला, ना जीवन बदला।
“अगर सपा की योजनाएं बर्बाद न होतीं, तो हालात इतने खराब न होते”
सपा प्रमुख ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने सिर्फ समाजवादी योजनाओं को रोकने का काम किया। “भाजपा की डबल इंजन सरकार आपस में टकरा रही है, जनता की कोई सुध नहीं ली जा रही। अब तक केन्द्र से उत्तर प्रदेश को अतिरिक्त बिजली कोटा भी नहीं मिला।”
“2027 में भाजपा को हटाना ही जनता का लक्ष्य होगा”
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भरोसा जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी और समाजवादी पार्टी को खुशहाली का विकल्प चुनेगी।
