पीड़ित पति की एसएसपी से गुहार के बाद अपहरण का केस दर्ज, पुलिस ने बनाई दो टीमें, सर्विलांस की मदद से तलाश जारी
लखनऊ/इटावा : यूपी के इटावा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला अपने चचिया ससुर के साथ दो बेटियों को लेकर घर से फरार हो गई। पहले इस मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी, लेकिन एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर अब इसे अपहरण के मामले में तरमीम (संशोधित) कर दिया गया है। यह घटना ऊसराहार थाना क्षेत्र के एक गांव की है, जहां रहने वाला पीड़ित पति खुद की कार चलाता है। तीन अप्रैल को जब वह काम के सिलसिले में कानपुर गया हुआ था। उसी दौरान उसकी 28 वर्षीय पत्नी अपने साथ आठ साल और दो साल की बेटियों को लेकर लापता हो गई। पीड़ित पति ने पहले ही दिन अपने चचिया ससुर नंदराम (45 वर्ष) पर अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया था। लेकिन तत्कालीन थानाध्यक्ष ने अपहरण की बजाय गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की।
एसएसपी से की शिकायत, अब अपहरण का मामला दर्ज
परेशान पति ने 14 मई को एसएसपी से मिलकर पत्नी और बेटियों की बरामदगी की गुहार लगाई। इसके बाद थानाध्यक्ष बलराम मिश्रा को अपहरण का मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया गया। पुलिस ने अब सर्विलांस की मदद से महिला और आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
पति ने किया ऐलान, सूचना देने वाले को मिलेगा 20 हजार का इनाम
पति का कहना है कि अब तक वह पत्नी को ढूंढने में दो लाख रुपये खर्च कर चुका है, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। अब उसने ऐलान किया है कि जो भी उसकी पत्नी और बेटियों का सही सुराग देगा, उसे 20 हजार इनाम में दिया जाएगा। पति ने यह भी कहा कि अगर पत्नी वापस आना चाहें, तो वह उसे अपनाने के लिए तैयार है। क्योंकि, उसे अपनी बेटियों की सबसे ज्यादा चिंता है। “अगर वो लौट आए तो मेरे बच्चों का भविष्य सुधर सकता है,” पीड़ित पति ने भावुक होकर कहा।
पुलिस की दो टीमें सक्रिय, सर्विलांस पर कई नंबर
थानाध्यक्ष बलराम मिश्रा ने कहा कि यह मामला उनके चार्ज लेने से पहले का है। इसलिए जानकारी में देर से आया। अब पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। दो टीमों को तलाश में लगाया गया है, और कुछ नंबरों को सर्विलांस पर लेकर लोकेशन ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है।
![]()
