लखनऊ : समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर सोमवार को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती भव्य तरीके से मनाई गई। यहां संविधान निर्माता को श्रद्धांजलि अर्पित की। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देशन में 11 अप्रैल से 14 अप्रैल तक “स्वाभिमान-स्वमान अभियान” चलाया गया। इसमें अंबेडकर जी के विचारों और भारतीय संविधान के महत्व पर विचार-विमर्श किया गया।राजधानी लखनऊ में हजरतगंज चौराहे पर स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और देशवासियों को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि “बाबा साहब ने बचपन से लेकर जीवन के अंतिम क्षण तक संघर्ष किया और हमें दुनिया का सबसे बेहतरीन संविधान दिया। यही संविधान हमें अधिकार देता है और शोषित, वंचित, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यकों और आदिवासियों को आगे बढ़ने का अवसर देता है।” उन्होंने आगे कहा कि “बाबा साहब को समाज की कुरीतियों और भेदभाव से लड़ना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। वे न केवल संविधान निर्माता थे बल्कि महान अर्थशास्त्री और सामाजिक आंदोलन के अग्रणी नायक भी थे।”
संविधान की रक्षा के लिए पीडीए का एकजुट संघर्ष
पूर्व सीएम ने कहा कि संविधान को कमजोर करने की कोशिशें लगातार की जा रही हैं। “अगर संविधान कमजोर हुआ, तो लोकतंत्र भी कमजोर होगा, और हमारे हक-हकूक छिन जाएंगे। भाजपा और उसके समर्थकों की प्रभुत्ववादी मानसिकता संविधान के खिलाफ है। ये लोग बाबा साहब की मूर्तियों को खंडित करते हैं और अपमानित करते हैं। यह लम्बी लड़ाई है, लेकिन पीडीए का हर सदस्य इसे मजबूती से लड़ेगा,”। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार में खुलेआम अराजकता फैलाई जा रही है। “सड़क पर तलवारें लहराना, लाठियां चलाना और गोली मारने की धमकी देना – यह सब लोकतंत्र के खिलाफ है। सरकार खुद आगरा जैसे आयोजनों में शामिल हो रही है, जो साफ दर्शाता है कि वह संविधान और लोकतंत्र के पक्ष में नहीं है।”
प्रयागराज की घटना पर नाराज़गी
सपा प्रमुख ने प्रयागराज की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि “भाजपा के लोगों ने एक दलित युवक को ज़िंदा जला दिया। अगर, भाजपा को 400 सीटें मिल जातीं तो आज संविधान ही खतरे में पड़ जाता। ये लोग सवाल पूछने का भी अधिकार छीनना चाहते हैं।”
भाजपा पर सीधा वार
उन्होंने कहा कि “भाजपा हिंसा की राजनीति करती है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या भी इन्हीं विचारधारा वालों ने की। ये लोग बाबा साहब के संविधान को नहीं मानते, लेकिन हम समाजवादी लोग संविधान की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध हैं।”
सैकड़ों नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ सांसद आरके चौधरी, नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, विधायक रविदास मेहरोत्रा, अरमान खान, प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा, महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह, अधिवक्ता सभा के प्रदेश अध्यक्ष सिकंदर यादव, किन्नर सभा की अध्यक्ष पायल सिंह, पूर्व प्रत्याशी पूजा शुक्ला, अनीस राजा, अंबरीष पुष्कर, वंदना मिश्रा सहित सैकड़ों समाजवादी कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
समाजवादी पार्टी का संकल्प
समाजवादी पार्टी ने इस अवसर पर यह दोहराया कि वह बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी और संविधान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
