लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ के बक्शी का तालाब विधानसभा क्षेत्र के खंतारी गांव में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद पर समाजवादी पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर मोहनलालगंज से सपा सांसद आरके चौधरी रविवार को खंतारी गांव पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात की और पुलिस एवं प्रशासन की कार्रवाई को गलत करार दिया।

ग्रामीणों से किया संवाद, पुलिस- प्रशासन पर गंभीर आरोप
मोहनलालगंज लोकसभा सीट से सांसद आरके चौधरी ने कहा कि खंतारी गांव के लोगों की मांग पूरी तरह न्यायोचित है। ग्रामीण पिछले चार वर्षों से ग्राम समाज की भूमि पर बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित करने और पार्क बनाने की मांग कर रहे थे, लेकिन प्रशासन ने लगातार उनकी अनदेखी की, जब ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर प्रतिमा स्थापित की गई, तो प्रशासन ने कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव में आकर प्रतिमा हटाने की कोशिश की। इसके बाद ही विवाद गहराया है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा के विरोध में कुछ लोगों द्वारा प्रशासन के सहयोग से जानबूझकर तनाव फैलाया गया। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों पर लाठीचार्ज किया। इससे माहौल और बिगड़ गया। यह पूरी कार्रवाई न सिर्फ अन्यायपूर्ण है, बल्कि संविधान निर्माता बाबा साहब के अपमान के समान है।

“भाजपा शासन में हो रहा सामाजिक उत्पीड़न” : आरके चौधरी
सपा सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस और प्रशासन सामाजिक न्याय की आवाज उठाने वालों का उत्पीड़न कर रही है। उन्होंने कहा, “प्रशासन ग्रामीणों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर दबाव बना रहा है, ताकि बाबा साहब की प्रतिमा को हटवाया जा सके। यह लोकतंत्र और सामाजिक समानता के मूल्यों के खिलाफ है।”
ग्रामीणों पर दर्ज सभी मुकदमे तुरंत वापस लिए जाएं
सपा सांसद ने ग्रामीणों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लेने की मांग की। बोले, बाबा साहब की प्रतिमा को न हटाया जाए। पार्क निर्माण की अनुमति तत्काल दी जाए। इस दौरान सपा का प्रतिनिधिमंडल में सपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल थे। इसमें जिलाध्यक्ष जयसिंह जयंत, नगर पंचायत बीकेटी के चेयरमैन गनेश रावत, महेंद्र कुमार यादव (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष छात्रसभा), नागेंद्र सिंह (यूथ ब्रिगेड), गुड्डू लोधी (जिला उपाध्यक्ष), शिवकुमार रावत गांधी, अजय रावत, ओम लोधी, गोविंद यादव, त्रिभुवन सिंह, प्रवेश कुमार यादव, शिवम गोलू, राजकमल, आकाश यादव आदि शामिल रहे।
जानें क्या है मामला
बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को लेकर बक्शी का तालाब विधानसभा क्षेत्र के खंतारी गांव में विवाद उपज गया था। यहां लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव काफी गंभीर हैं। उनके निर्देश पर ही मोहनलालगंज के सांसद आरके चौधरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को खंतारी गांव पहुँचा है।
