मुजफ्फरनगर/लखनऊ: यूपी के मुजफ्फरनगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में गुजरात से केदारनाथ यात्रा पर निकले चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा पानीपत -खटीमा हाईवे पर सिसौना गांव के पास बागोवाली फ्लाईओवर पर हुआ, जहां श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई।
जानें कैसे हुआ हादसा ?
श्रद्धालु गुजरात के गांधीनगर और तारापुर के रहने वाले थे और इनोवा कार में केदारनाथ यात्रा पर निकले थे। सोमवार को कार तेज़ रफ्तार में बागोवाली फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी चालक नियंत्रण खो बैठा और कार करीब 30 फीट ऊंचे फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार को बाहर निकाला और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। मृतकों की पहचान कर्ण (निवासी: सरगासन, गांधीनगर), भरत (निवासी: सरगासन, गांधीनगर), अमित (निवासी: तारापुर), विपुल (निवासी: तारापुर) के रूप में हुई है। इसके साथ ही घायल युवक की पहचान जिगर के रूप में हुई है। जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
जांच जारी, परिजनों को दी गई सूचना
एसएसपी संजय कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मृतकों और घायल के परिजनों को दे दी गई है, जो गुजरात से मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो चुके हैं। “घटना की जांच की जा रही है। कार की स्पीड, ब्रेक फेलियर या चालक को झपकी लगना। इन सभी पहलुओं की जांच होगी।”
