बरेली : यूपी के बरेली जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अपनी बेटी के ससुराल में चल रहे विवाद को सुलझाने पहुंचे बागपत के एडीएम शिव नारायण पर कथित तौर पर हमले का आरोप सामने आया है। इस मामले में उनकी बेटी दीक्षा की तरफ से थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बेटी का आरोप है कि जान से मारने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानें पूरा मामला, क्या है झगड़े की जड़
शहर के स्टेशन रोड, सिविल लाइंस निवासी दीक्षा की शादी 2021 में शिव आनंद से हुई थी। दीक्षा के पिता शिव नारायण उस वक्त एसडीएम थे और वर्तमान में बागपत के एडीएम पद पर तैनात हैं। दीक्षा का आरोप है कि शादी के कुछ ही समय बाद उसकी सास राजरानी, ससुर विनोद कुमार आनंद और ननद ममता उस पर 40-50 लाख रुपये दहेज में लाने का दबाव डालने लगे। “तुम्हारे पिता एडीएम हैं, इतने रुपये तो ला ही सकते हैं,”दीक्षा के मुताबिक ससुराल वालों की यही मांग थी।
27 जून को विवाद के बाद दीक्षा को ससुराल से निकाल दिया
29 जून को शिव नारायण, बेटी दीक्षा और अपने मित्र रामरतन शर्मा के साथ सुलह के लिए ससुराल पहुंचे। इस दौरान ससुर विनोद और सास राजरानी ने उनके साथ मारपीट की और चप्पलों से पीटा। आरोप है कि विनोद ने लाइसेंसी बंदूक निकाल कर एडीएम पर गोली चलाने की भी कोशिश की। हालांकि, गोली नहीं चली या चूक गई इसके बारे में तस्वीर साफ नहीं हुई है। घटना के तुरंत बाद प्रेमनगर थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
पुलिस ने क्या कहा
प्रेमनगर थाना पुलिस का कहना है कि यह मामला गंभीर प्रकृति का है। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर, बरेली में हत्या के प्रयास, दहेज उत्पीड़न और अन्य संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और नियमानुसार अग्रेत्तर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
