बरेली : यूपी के बरेली में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब एक युवक की गर्दन अचानक सड़क पर लटकते पतंग के मांझे से कट गई। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक सवार अरबाज खान निवासी मुरारपुर थाना भोजीपुरा लहूलुहान हो गया और उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस हादसे में मुरारपुर के पूर्व प्रधान हारून खां घायल हो गए हैं। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। यह दिल दहला देने वाली घटना बरेली शहर के थाना कोतवाली क्षेत्र के कुतुबखाना ओवर ब्रिज पर घटी। यहां सड़क पर अचानक से लटक रहे मांझे की चपेट में बाइक सवार युवक आ गया। मांझा इतनी तेजी से गर्दन पर लिपटा कि देखते ही देखते उसकी गर्दन से खून बहने लगा। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत युवक को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार से जा रहे बाइक सवार को यह बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि सड़क के बीचोंबीच कोई मांझा लटक रहा है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए ट्रैफिक भी प्रभावित रहा।
बिना चेतावनी के लटकते मांझे से बढ़ रहा खतरा
गौरतलब है कि बरेली में पतंगबाजी के बढ़ते चलन और चाइनीज मांझे के इस्तेमाल ने राहगीरों के लिए खतरा बढ़ा दिया है। कई बार प्रशासन की ओर से चाइनीज मांझे पर रोक लगाई गई है, लेकिन बाजारों में खुलेआम इसकी बिक्री अब भी जारी है। यह हादसा भी इसी लापरवाही का नतीजा माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चाइनीज मांझा बेचने और उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर लटकते मांझों की नियमित जांच कर उन्हें हटाने का भी अनुरोध किया गया। थाना कोतवाली पुलिस के अनुसार, “हादसे की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मांझा कहां से आया और किसने उड़ाया था। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
![]()
