बरेली : यूपी की बरेली पुलिस ने तकनीक और समर्पण के दम पर वह कर दिखाया, जो अक्सर असंभव माना जाता है। मई माह में गुम हुए 290 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटा दिए गए। इनकी कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है। बुधवार दोपहर पुलिस लाइन स्थित रविन्द्रालय सभागार में एक आयोजन कर एसपी सिटी मानुष पारीक ने खुद मोबाइल लौटाकर जनता से संवाद स्थापित किया। फोन पाकर कई लोगों की आंखें नम हो गईं। क्योंकि, उन्होंने खोए फोन की उम्मीद छोड़ दी थी।
CEIR पोर्टल और सर्विलांस ने निभाई अहम भूमिका
इस सराहनीय काम में सर्विलांस सेल और थानों के कंप्यूटर ऑपरेटरों ने CEIR पोर्टल की मदद से मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की। पुलिस के मुताबिक अब यह अभियान हर महीने की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा बनेगा।
सम्मानित हुए बेहतरीन कार्य करने वाले पुलिसकर्मी
एसएसपी अनुराग आर्य ने इस अभियान में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। इसमें मीरगंज की महिला कांस्टेबल प्रीति सागर,फतेहगंज पूर्वी के कंप्यूटर ऑपरेटर जतिन सक्सेना, शेरगढ़ के कांस्टेबल मयूर को 1000 नकद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रशंसा पत्र दिए गए।
थानावार मोबाइल बरामदगी का आंकड़ा
सर्विलांस सेल 70, शहर की सीबीगंज थाना पुलिस ने 21,भमौरा 16,कोतवाली 16, इज्जतनगर 15, बारादरी 14,बहेड़ी 12, मीरगंज 11, किला 10, भुता 10 और अन्य 19 थानों से 85 मोबाइल बरामद हुए हैं।
जनता ने जताया भरोसा
फोन वापस पाने वाले लोगों ने बरेली पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि “अब विश्वास हो गया है कि पुलिस हमारी समस्याओं को गंभीरता से लेती है। यह पहल सराहनीय और प्रेरणादायक है।”
बरेली पुलिस की ओर से आश्वासन
पुलिस ने कहा है कि मोबाइल गुम होने पर लोग FIR दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक कराएं। पुलिस हर शिकायत को गंभीरता से ले रही है, और ऐसे अभियान भविष्य में और तेज किए जाएंगे।
![]()
