बरेली : यूपी के बरेली के श्री राम मूर्ति स्मारक क्रिकेट ग्राउंड पर चल रहे बरेली कॉर्पोरेट लीग (बीसीएल) के तहत आज दो मुकाबले खेले गए। इसमें डीजी इंफ्रा और शाहज़ेब फर्नीचर ने शानदार प्रदर्शन कर जीत दर्ज की। टूर्नामेंट का आयोजन डीजी इंफ्रा ग्रुप के तत्वावधान में किया जा रहा है।
पहला मुकाबला: डी जी इंफ्रा बनाम आरसीसी के बीच
गुरुवार को पहले मुकाबले में आरसीसी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवरों में 155 रन बनाए। टीम की ओर से शादाब रज़ा ने सर्वाधिक 60 रन, जबकि सुमित सोनकर ने 26 रन जोड़े। डीजी इंफ्रा की ओर से शुभम ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट, वहीं शिवांक ने 3 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए डी जी इंफ्रा ने 19 ओवरों में 158 रन बनाकर 4 विकेट से जीत दर्ज की। टीम के लिए आदित्य मूर्ति (28 रन), अंकित (27 रन) और शुभम (26 रन) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
आरसीसी की ओर से आसिफ और फरमान ने 2-2 विकेट लिए। शुभम सक्सेना को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
दूसरा मुकाबला: ईलाइट इलेवन बनाम शाहज़ेब फर्नीचर
आज का दूसरा मुकाबला ईलाइट इलेवन और शाहज़ेब फर्नीचर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर ईलाइट इलेवन ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और विक्की खान (40 रन) की मदद से 20 ओवर में 128 रन बनाए। शाहज़ेब फर्नीचर की ओर से के पी राणा और शैरी ने 2-2 विकेट झटके। जवाब में शाहज़ेब फर्नीचर की टीम ने जारिफ (34 रन) और विक्की मौर्य (28 रन) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर 18.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 2 विकेट से जीत लिया।
ईलाइट इलेवन की ओर से विक्की खान और तस्लीम अल्वी ने 2-2 विकेट झटके। जारिफ को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
मैदान पर मौजूद रहे कई गणमान्य
मैच के दौरान मैदान में शशांक रस्तोगी, आदित्य मूर्ति, रियाज़ अफरीदी, शुभम कौशिक, अतुल यादव, जावेद अंसारी (सुहाग फैशन), रिज़वान अंसारी, ज़हीर उद्दीन (जारिया कलेक्शन), आरिफ गाज़ी, जॉनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मैच के अंपायर थे सैय्यद बाबर और पिंटू सिंह, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी अनूप गुप्ता ने निभाई। कल का मुकाबला सुबह जारिया कलेक्शन और एक्सप्लोर इलेवन के बीच खेला जाएगा, जिसका खेल प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार है।
![]()
