लखनऊ समाजवादी पार्टी कार्यालय में चौहान समाज प्रतिनिधि सम्मेलन में अखिलेश यादव ने भाजपा पर बोला हमला
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के लखनऊ स्थित राज्य मुख्यालय डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आज (रविवार को) एक विशाल चौहान समाज प्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें समाज के सैकड़ों प्रतिनिधियों ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। यह आयोजन महेन्द्र चौहान की अगुवाई में किया गया।
“अखिलेश यादव के सम्मान में, चौहान समाज मैदान में”

सम्मेलन में चौहान समाज ने एकजुट होकर समाजवादी पार्टी के प्रति समर्थन जताया और नारा दिया। “अखिलेश यादव के सम्मान में, चौहान समाज मैदान में”।
अखिलेश यादव ने कहा-एकजुट हो पीडीए, भाजपा से 2027 में लेना है हिसाब

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि चौहान समाज का यह उत्साह और एकजुटता इस बात का संकेत है कि 2027 के चुनाव में सपा सरकार की वापसी तय है। उन्होंने कहा कि “हमारी पीड़ा, हमारा संघर्ष, और हमारा लक्ष्य – सब एक हैं। भाजपा झूठ, साजिश और अन्याय की राजनीति कर रही है, लेकिन पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज की ताकत के आगे वह नहीं टिकेगी।”
भाजपा पर जमकर बरसे अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना का फैसला पीडीए के दबाव में लिया गया है। महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है।इलाज के लिए अस्पतालों में सुविधा नहीं। किसान ठगा गया, युवाओं को रोजगार नहीं, और महिलाएं असुरक्षित हैं। भाजपा लोकसभा 2024 की हार से डरी हुई है। इसलिए षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग “वन नेशन वन इलेक्शन” की बात करते हैं। वे यूपी में एक साथ चुनाव क्यों नहीं कराते
“इतिहास में न उलझें, संविधान ने हमें सम्मान दिया है”

अखिलेश ने अपने संबोधन में कहा कि “जो इतिहास आगे बढ़ने न दे, उसे इतिहास ही रहने दो। संविधान ने हमें बराबरी और सम्मान का हक दिया है। जिसे भाजपा सरकार छीनना चाहती है। 2027 में यह लड़ाई यूपी को बचाने की है।”
महिला सम्मान, रोजगार और किसानों की समृद्धि का वादा
उन्होंने आश्वासन दिया कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा मिलेगी,युवाओं को भरपूर रोजगार मिलेगा। किसान समृद्ध होगा और प्रदेश में खुशहाली आएगी। प्रशासन से भ्रष्टाचार खत्म किया जाएगा
महेंद्र चौहान बोले – भाजपा ने चौहान समाज को अपमानित किया
कार्यक्रम के आयोजक महेन्द्र चौहान ने भाजपा सरकार पर चौहान समाज के साथ उत्पीड़न और धोखे का आरोप लगाते हुए कहा कि “हमारे समाज को अपमानित किया गया। उनकी हत्याएं तक हुईं। अब समय आ गया है कि भाजपा को सबक सिखाया जाए।”उन्होंने चौहान समाज से अपील की कि 2027 के चुनाव में कोई चूक न हो, पूरी सतर्कता से जुटना होगा।
सम्मेलन में चौहान समाज के दिग्गजों की भागीदारी
सम्मेलन में चौहान समाज के तमाम वरिष्ठ और प्रभावशाली प्रतिनिधि शामिल हुए। इसमें प्रमुख रूप से महेन्द्र चौहान (प्रदेश सचिव, मऊ), राज कुमार चौहान (जिला उपाध्यक्ष, कानपुर ग्रामीण), हंसराज चौहान (प्रदेश महासचिव, यूथ ब्रिगेड), अमलेश चौहान (प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ), विजय चौहान (देवरिया), भगवती चौहान (लखीमपुर),रामनरायन चौहान (अयोध्या), अशोक चौहान (पूर्व प्रत्याशी, खड्डा कुशीनगर), श्यामदेव चौहान (पूर्व जिला पंचायत सदस्य, आज़मगढ़) सैकड़ों चौहान समाज के कार्यकर्ता और प्रतिनिधि मौजूद थे।
