लखनऊ/ बरेली : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर पूरे उत्तर प्रदेश में योग का व्यापक आयोजन हुआ। गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं भाग लेकर नागरिकों को निरोग रहने और योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया, तो वहीं लखनऊ में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रमुख आयोजन में योग कर लोगों को प्रेरित किया।
https://youtu.be/JRJY-BWlToo?si=3xnQuMkrhewI_zFU
गोरखनाथ मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री योगी ने किया योग

गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर परिसर में योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जो स्वयं योग गुरु भी हैं, ने प्रातःकाल सूर्य नमस्कार और अन्य योगासन कर ‘स्वस्थ शरीर, सशक्त राष्ट्र’ का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि”योग न केवल स्वास्थ्य का आधार है, बल्कि मानसिक संतुलन, संयम और आत्मबल का स्रोत भी है।””भारत की यह प्राचीन विधा आज पूरे विश्व में लोगों की जीवनशैली का हिस्सा बन चुकी है।”मुख्यमंत्री ने बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की विशेष भागीदारी की सराहना की और उन्हें रोजाना योग करने की अपील की।
लखनऊ में डिप्टी सीएम ने किया योगाभ्यास

राजधानी लखनऊ में रूमी गेट के सामने बड़ा आयोजन किया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भाग लिया। कार्यक्रम में हजारों लोग शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि “योग हमें संतुलन सिखाता है। तन, मन और समाज के बीच। इसे हमें रोजाना के जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाना चाहिए।”लखनऊ में कई स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें गोमती नगर, चौक, हजरतगंज, अवध कॉलेज, यूनिवर्सिटी कैंपस, नगर निगम और विभिन्न ब्लॉकों में नागरिकों ने उत्साह के साथ योग किया।
स्कूल-कॉलेजों और ब्लॉकों में भी दिखा उत्साह

गोरखपुर, लखनऊ, बरेली और अन्य जिलों में स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र, ब्लॉक और पंचायत मुख्यालयों पर भी योग सत्र आयोजित हुए। प्रमुख संस्थानों में डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ विश्वविद्यालय, बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर आदि ने भी बड़े स्तर पर कार्यक्रम किए।
प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण

प्रदेश भर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन और योग अभ्यास का सीधा प्रसारण LED स्क्रीन और डिजिटल माध्यमों से किया गया। लोगों ने उनके योग संदेश को ध्यानपूर्वक सुना और उसका अनुसरण किया।
बरेली कॉलेज मैदान बना केंद्र बिंदु
बरेली शहर में योग दिवस का मुख्य आयोजन बरेली कॉलेज मैदान में हुआ, जहाँ सुबह छह बजे सहकारिता विभाग के राज्यमंत्री और बरेली के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उनके साथ सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, मेयर उमेश गौतम, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और सैकड़ों नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक साथ योगासन कर स्वास्थ्य का संदेश दिया। कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई और एक बड़ी स्क्रीन लगाई गई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन और योग सत्र का सीधा प्रसारण किया गया। राज्यमंत्री जेपीएस राठौर ने योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन और विचारों को भी संतुलित करता है। हमें इसे दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए।”ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखा उत्साह
पीलीभीत के गांधी स्टेडियम में 2000 लोगों ने किया योग
पीलीभीत जिले में मुख्य योग कार्यक्रम गांधी स्टेडियम में आयोजित हुआ, जिसमें मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, डीएम ज्ञानेंद्र सिंह, सीडीओ आरके श्रीवास, एडीएम ऋतु पूनिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, नगर पालिकाध्यक्ष आस्था अग्रवाल सहित करीब 2000 लोगों ने भाग लिया। इसके साथ ही स्कूल-कॉलेजों, ब्लॉक और तहसील मुख्यालयों पर भी योगाभ्यास सत्र आयोजित किए गए। प्रधानमंत्री के योग संदेश का सीधा प्रसारण भी स्टेडियम में किया गया, जिसे लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना और सराहा।
बदायूं पुलिस लाइन से शुरू हुआ योग अभियान
बदायूं में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में किया गया। जिले की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने देव धनवंतरी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। सेल्फी पॉइंट योग कार्यक्रम का आकर्षण केंद्र रहा, जहाँ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने योगासन के बाद यादगार फोटो खिंचवाकर क्षणों को संजोया।
