मेरठ /लखनऊ : यूपी के मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र स्थित गन्ना समिति कार्यालय तब अखाड़ा बन गया, जब एक महिला ने अपने पति और उसकी प्रेमिका को ऑफिस के अंदर ही रंगेहाथ पकड़कर जमकर पीटा। दोनों आरोपी कर्मचारी समिति कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं और बीते कई वर्षों से उनके बीच प्रेम संबंध की बात सामने आई है।
जानें कैसे शुरू हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा?
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता की शादी 16 साल पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे भी हैं। वह लंबे समय से पति के विवाहेत्तर संबंधों से परेशान थी। उसने पहले भी कई बार पति को समझाया लेकिन उसने प्रेम संबंध खत्म नहीं किए। महिला अचानक पति के ऑफिस पहुंची और वहां मौजूद उसकी महिला सहयोगी (प्रेमिका) के साथ उसे देख भड़क गई। पहले तो महिला ने सवाल -जवाब किए लेकिन बात बिगड़ते ही मामला मारपीट और गाली-गलौज तक पहुंच गया।
कार्यालय बना रणक्षेत्र, थप्पड़ों की बरसात
गुस्साई पत्नी ने पहले पति को तमाचे जड़े और फिर उसकी प्रेमिका पर भी हमला कर दिया। पूरा घटनाक्रम कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों के सामने हुआ। दोनों महिला और पुरुष क्लर्कों के बीच हुई इस मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पति ने भी विवाद के दौरान पत्नी पर हाथ उठाया। जिससे मामला और उग्र हो गया। अंत में कर्मचारियों ने बीच -बचाव कर किसी तरह विवाद को शांत कराया।
पुलिस में दर्ज हुई शिकायत, जांच शुरू
महिला ने अपने पति और उसकी सहयोगी के खिलाफ विवाहेत्तर संबंध और मानसिक उत्पीड़न के आरोप में दौराला थाना में शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में पुलिस ने बयान लिया है और मामला सार्वजनिक स्थल पर मारपीट व अशांति फैलाने की धाराओं में दर्ज कर लिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर भी सबूत जुटाए जा रहे हैं।
