दो की हालत गंभीर, गोरखपुर रेफर, ग्राइंडर से काटी गई कार, इलाके में मचा कोहराम
लखनऊ/ कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूल्हे के तीन भाइयों सहित 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस कार में 8 लोग सवार थे। इसमें से 6 की मौत हो चुकी है। हादसा नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के भुजौली चौराहे के पास खड्डा-पडरौना मार्ग पर हुआ। यहां बारात से लौट रही ब्रेज़ा कार बेकाबू होकर एक पेड़ से जा टकरा गई। हादसे के बाद बारात में कोहराम मच गया। हालांकि, दुल्हा दुल्हन की जयमाला हो चुकी थी। मगर, अभी विदाई रुक गई है।
बारात की खुशियां मातम में बदलीं

यह हादसा उस वक्त हुआ जब रामकोला थाना क्षेत्र के नारायणपुर चरगहां पश्चिम टोला निवासी गोपाल मद्धेशिया के बेटे विकास की बारात देवगांव (नेबुआ नौरंगिया) से लौट रही थी। इसी बारात में शामिल ब्रेज़ा कार रात करीब 12 बजे शुक्ल भुजौली के पास पहुंची, तभी कार तेज रफ्तार में असंतुलित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
ग्राइंडर से काटी गई कार, रेस्क्यू में जुटी तीन थानों की पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही नेबुआ नौरंगिया, खड्डा और हनुमानगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति इतनी गंभीर थी कि कार में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर और हथौड़ों का सहारा लेना पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
हादसे में 6 की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी तीन ने जिला अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। जिला अस्पताल से लेकर घटनास्थल तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
मृतकों की पहचान
घटनास्थल और अस्पताल में मौजूद परिजनों ने मृतक और घायलों की पुष्टि की है। हालांकि, अभी प्रशासन की तरफ से कोई सूची जारी नहीं की गई है। इसलिए मृतकों की संख्या और पहचान को पूरी तरह से सत्य नहीं माना जा सकता है। मृतकों में तीन सगे भाई बताए जा रहे हैं। कार में कुल आठ लोग सवार थे। इसमें से छह की मौत हो चुकी है। इस हादसे के बाद सन्नाटा पसर गया। जिसके चलते दुल्हन की विदाई न होने की बात सामने आई है।
1.ओमप्रकाश मद्धेशिया उर्फ सूरज (कार चालक) – निवासी नारायणपुर चरगहां, विजयपुर, थाना रामकोला
2.हरेंद्र मद्धेशिया पुत्र शंकर मद्धेशिया – निवासी नारायणपुर चरगहां
3.जोगेंद्र मद्धेशिया निवासी नारायणपुर चरगहां
4.रंजीत मद्धेशिया पुत्र राजेंद्र मद्धेशिया – निवासी नारायणपुर चरगहां
5.मुकेश पुत्र रामानंद – निवासी नारायणपुर चरगहां
6.भीम लक्ष्मण यादव पुत्र लक्ष्मण – पता अपुष्ट
यह हैं गंभीर रूप से घायल
1.राज किशोर पुत्र हरिश्चंद्र, नारायणपुर चरगहां
2.बजरंगी पुत्र शंकर, ग्राम अहिरौली
पुलिस और प्रशासन मौके पर जुटे
एसपी कुशीनगर संतोष कुमार मिश्र ने मीडिया से हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसा अत्यंत दुखद है। छह लोगों की मौत हो चुकी है और दो की हालत गंभीर है। स्थानीय प्रशासन राहत व बचाव कार्य में पूरी तत्परता से जुटा हुआ है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। मृतकों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। हालांकि, कुछ की शिनाख्त हो चुकी है। इसके साथ ही मृतकों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजने की कवायद चल रही है।
