मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड की बैठक में युवाओं को दिया जीत का मंत्र, कहा- 2027 में बनेगी समाजवादी सरकार
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी युवा कार्यकर्ताओं को ‘पीडीए संकल्प’ दिलाया और आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर भाजपा के झूठ का पर्दाफाश करें तथा जनता को समाजवादी पार्टी की नीतियों से अवगत कराएं।
पीडीए की रणनीति ने रोका भाजपा का बहुमत: अखिलेश

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की रणनीति ने भाजपा को लोकसभा चुनाव में बहुमत हासिल करने से रोक दिया। उन्होंने आगरा की घटना का हवाला देते हुए कहा कि सत्ता संरक्षण में तलवारें लहराई गईं। उन्होंने कहा, “अगर भाजपा को 400 सीटें मिल जातीं तो सड़कों पर हिंसा आम हो जाती और जनता का जीना मुश्किल हो जाता।”
युवाओं को दी बूथ मजबूत करने की जिम्मेदारी

उन्होंने बैठक में युवाओं से अपने बूथ मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा, “युवा जमीन पर काम करें और चुनाव में अपने बूथ जिताएं। 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी का युवा संगठन सबसे मजबूत है और यही युवा बदलाव की बुनियाद रखेंगे।
विकास कार्यों की याद दिलाई, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री ने समाजवादी सरकार के कार्यकाल के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा, “हमने छात्रों को लैपटॉप बांटे, आईटी सिटी बनवाई, एक्सप्रेसवे और मेट्रो बनाई, बिजली परियोजनाएं शुरू कीं और 108 एम्बुलेंस सेवा व डायल 100 जैसी सेवाएं शुरू कीं।” उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि उनके शासन में विकास कार्य ठप हो गए हैं, जबकि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि आज सोने के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर हैं। गरीब अपनी बेटियों की शादी में गहने तक नहीं दे पा रहा। हर ओर लूट और अन्याय का माहौल है।
शिक्षा और रोजगार पर भी सरकार को घेरा
पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा के निजीकरण ने युवाओं की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा, “नौकरियां खत्म हो रही हैं, प्रोफेशनल कोर्सेज करने वाले युवा डिलीवरी बॉय बन गए हैं। भाजपा सरकार युवाओं को सम्मानजनक रोजगार देने में असफल रही है।”उन्होंने मुद्रा योजना पर भी सवाल उठाया और कहा, “अगर 52 करोड़ लाभार्थियों में से हर एक ने एक व्यक्ति को रोजगार दिया होता तो देश में कोई बेरोजगार नहीं बचता।”
ग्रामीण और गरीब छात्रों के लिए शिक्षा की महंगी
सपा प्रमुख ने शिक्षा में बढ़ती फीस और निजीकरण पर चिंता जताते हुए कहा कि ग्रामीण और गरीब छात्रों के लिए प्रोफेशनल कोर्सेज में एडमिशन लेना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा के क्षेत्र में मनमानी कर रही है। जिससे गरीब और वंचित वर्ग के बच्चे उच्च शिक्षा से दूर हो रहे हैं।
आतंकी हमले पर जताया शोक
बैठक के दौरान जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले पर शोक व्यक्त किया गया। सभी पदाधिकारियों ने शहीदों और पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई। इस दौरान बैठक में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, पूर्व नेता विरोधी दल संजय लाठर, मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह और प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा सहित सभी राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।
