लखीमपुर खीरी/लखनऊ : एक बेहद दर्दनाक हादसे में लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर थाना क्षेत्र के डेबर घाट पर शुक्रवार शाम शारदा नदी में नहाने गए चार किशोरों की डूबकर मौत हो गई। सभी बच्चे शारदा नदी पर बन रहे नए पुल को देखने गए थे, लेकिन वहां से उनकी वापसी शवों के रूप में हुई। इस हादसे ने पूरे इलाके को गम और मातम के सागर में डुबो दिया है।
गहरे पानी में जाने से बह गए
जानकारी के अनुसार, हसनपुर कटौली गांव निवासी देवांश (13 वर्ष), राहुल (13 वर्ष), विनाश (14 वर्ष) और उत्कर्ष (14 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ पुल निर्माण का कार्य देखने गए थे। पुल देखने के बाद बच्चों ने नदी में नहाने का मन बनाया और उतर गए। इसी दौरान वे गहरे पानी की ओर चले गए और तेज बहाव में बह गए।
गोताखोरों ने एक घंटे में तलाशे शव
स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही ईसानगर पुलिस, एसडीएम राजेश कुमार, सीओ शमशेर बहादुर सिंह और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से करीब एक घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी बच्चों के शव बरामद कर लिए गए।
परिवार ने कोहराम, गांव में मातम
इस घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। चारों परिवारों में चीख-पुकार मची हुई है। कोई पिता बेहोश हो रहा है, तो कोई मां बेटे का नाम लेकर विलाप कर रही है। जो बच्चे हंसते-खेलते घर से निकले थे, वे अब ताबूत में लौटे हैं।
![]()
