किसी की बहन की डोली उठने से पहले भाई का जनाजा उठा, तो कहीं पूरा परिवार उजड़ गया, गोंडा में सगाई से लौटते वक्त हादसे में चार की मौत
लखनऊ : यूपी में अलग-अलग सड़क हादसों में 9 लोगों की मौत हो गई। इससे मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया है। इसके साथ ही हादसों की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। गोंडा के तीन परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट गया। सगाई समारोह से लौटते वक्त उनकी कार बाराबंकी के रामनगर के पास एक ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में राजवीर कुशवाहा (32 वर्ष), उनकी पत्नी शांति सिंह (30 वर्ष), बहनोई रमाशंकर मौर्या (40 वर्ष) और वाहन चालक अयान (22 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पूजा मौर्या, उनके बेटे आयुष और राजवीर की बेटी अनवी (5) का इलाज चल रहा है। राजवीर के वृद्ध पिता और अयान की विधवा मां का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई यही पूछ रहा है, अब इन घरों का सहारा कौन बनेगा ?।
बहन की डोली उठने से पहले उठा भाई का जनाजा
यूपी के बुलंदशहर के सुरजावली गांव में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने 16 वर्षीय रिहान को कुचल दिया। परिवार में मातम इस वजह से और गहरा हो गया। क्योंकि, इसी महीने रिहान की बहन का निकाह 25 जून को तय था। पीड़ित पिता कल्लन ने रोते हुए बताया कि रिहान उनका इकलौता बेटा था। परिजन सड़क पर शव रखकर जाम लगाने का प्रयास करने लगे, तो पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया।
ओवरब्रिज पर बेकाबू कार ने बाइक सवार छात्रों को मारी टक्कर, एक की मौत
मुरादाबाद के पाकबड़ा पुलिस चौकी के पास ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो छात्रों को कुचल दिया। निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती दोनों में से एक छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद इलाके में यातायात व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं को रौंदा डंपर, मौके पर मौत
रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डंपर ने ननद-भाभी को कुचल दिया, जब वे सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रही थीं। मृतकों की पहचान नीतू (39 वर्ष) और अंजू (25 वर्ष) के रूप में हुई है।घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है, चालक की तलाश जारी है।
![]()
