जिसने दूध पिलाया, उसी ने ज़हर दे दिया…
मुजफ्फरनगर /लखनऊ: यूपी के मुजफ्फरनगर जनपद के भोपा थाना क्षेत्र के रुड़कली तालाब अली गांव से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिसने रिश्तों की मर्यादा को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक मां ने अपने ही चार साल के बेटे अरहान और एक साल की बेटी अनाया को कथित तौर पर प्रेम प्रसंग में बाधा समझकर जहर देकर मार डाला।
मां की ममता को मार गया मोहब्बत का जहर

घटना उस वक्त सामने आई जब पिता वसीम चंडीगढ़ में वेल्डिंग का काम करने के लिए गांव से बाहर गया हुआ था। पीछे से घर में मौजूद पत्नी मुस्कान ने दोनों बच्चों को जहर दिया और फिर बेहोश होने और रोने का नाटक करती रही। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई, लेकिन पुलिस की पूछताछ में खुद मुस्कान ने स्वीकार किया कि उसने ही बच्चों को जहर दिया।
मोबाइल बना रहस्य की पहली कड़ी
पुलिस ने जब मुस्कान से उसका मोबाइल मांगा, तो वह बहाना बनाने लगी। बताया कि फोन गायब हो गया है। कॉल ट्रेस करने पर फोन स्विच ऑफ मिला। जिससे पुलिस का शक गहराया। इसी के आधार पर सख्त पूछताछ हुई और सच सामने आ गया।
पति की दूसरी पत्नी थी मुस्कान
वसीम की यह दूसरी शादी थी। पहली पत्नी से अलग होने के बाद उसने करीब पांच साल पहले तेवड़ा गांव की मुस्कान से शादी की थी। परिजनों के अनुसार, मुस्कान का किसी अन्य युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, और बच्चे उसके रास्ते में रुकावट बन रहे थे। पुलिस अब उस प्रेमी की पहचान और भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस की जांच जारी, गांव में शोक और सन्नाटा
गांव के लोगों का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक मां इस हद तक जा सकती है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है, और तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
