गाजीपुर/लखनऊ : यूपी के गाजीपुर जिले से एक ऐसा प्रेम प्रसंग सामने आया है। जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। करंडा थाना क्षेत्र के जमुआव गांव में एक विवाहित महिला ने पहले अपने पति को दवा लाने भेजा, और फिर प्रेमी को बुलाकर खेत पर चली गई। लेकिन जब ग्रामीणों ने दोनों को संदिग्ध हालात में पकड़ा, तो मामला हाईवोल्टेज ड्रामा में तब्दील हो गया।
रस्सियों से बांधकर कराई शादी, वायरल हुआ वीडियो
ग्रामीणों और पति के परिवार वालों ने दोनों को काली मंदिर ले जाकर रस्सियों से बांध दिया। इस दौरान मारपीट के आरोप भी लगे। इसके बाद में दोनों ने साथ रहने की ज़िद की, जिसके बाद हिंदू रीति-रिवाज से शादी करवा दी गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नोएडा में पनपा प्रेम, गांव में हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, प्रियंका की शादी 2023 में रोहित से हुई थी। शादी के बाद दोनों नोएडा शिफ्ट हो गए, जहां रोहित और पिंटू एक ही कंपनी में काम करते थे। इसी दौरान पिंटू का घर आना-जाना बढ़ा और प्रियंका से नज़दीकियां बढ़ गईं। गांव लौटने के बाद भी उनका संपर्क बना रहा, जो इस घटना का कारण बना।
पुलिस पहुंची, फिर बदली कहानी
घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। जिसने मौके पर पहुंचकर दोनों को अपने साथ थाने ले गई। लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। प्रियंका ने अब अपने पति रोहित, उसके परिवार और 10 अन्य ग्रामीणों के खिलाफ बंधक बनाने और छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। सीओ सिटी शेखर सेंगर ने पुष्टि की है कि मामले में जांच जारी है और सभी पहलुओं को देखा जा रहा है।
अब हर ओर यही चर्चा…
गांव हो या सोशल मीडिया हर जगह इस ‘प्रेम, पकड़, शादी और मुकदमा’ वाली कहानी की चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि अब रिश्तों की सच्चाई और कानून की पेचीदगियां दोनों सवालों के घेरे में हैं।
