अलीगढ़ के गांधी पार्क क्षेत्र में हादसे ने छीन लिया परिवार का सहारा, गांव और मोहल्ले में छाया मातम
लखनऊ/अलीगढ़/कासगंज : मदर्स-डे पर एक मां से उसकी दुनिया ही उजड़ गई। अलीगढ़ के थाना गांधी पार्क क्षेत्र की आंबेडकर कॉलोनी छावनी निवासी अंगूरी देवी के लिए यह दिन हमेशा के लिए दर्द बनकर रह गया। एक सड़क हादसे ने उनके दोनों बेटों और भाई की जान ले ली। हादसे ने पूरे मोहल्ले को स्तब्ध कर दिया। मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
पति के बाद अब बेटे भी छिन गए
अंगूरी देवी के पति अतर सिंह की मृत्यु आठ वर्ष पहले बीमारी के चलते हो चुकी थी। पति के रहते बेटियों अनीता और सीमा की शादी हो चुकी थी। पति के निधन के बाद घर की जिम्मेदारी दोनों बेटे रवेंद्र और गजेंद्र के कंधों पर आ गई थी। उन्होंने मेहनत-मजदूरी कर न केवल मां का सहारा बने, बल्कि अपनी तीसरी बहन गीता की शादी की जिम्मेदारी भी उठाई। दोनों भाई कुंवारे थे और पूरी तरह मां के भरण-पोषण में लगे थे। पड़ोसियों का कहना है कि दोनों भाई बेहद संवेदनशील और सरल स्वभाव के थे, जिन्हें मोहल्ले में हर कोई सम्मान की निगाह से देखता था।
बीमार भतीजी को देखने गई थीं मां, बुलाने जा रहे थे बेटे
अंगूरी देवी शुक्रवार को अपने मायके कासगंज जिले के सोरोंजी थाना क्षेत्र के गंगागढ़ गांव गई थीं। जहां उनकी भतीजी सलोनी बीमार चल रही थी। बस से उतरते समय अंगूरी देवी के पैर में चोट लग गई थी। यह सुनकर रविवार को दोनों बेटे उन्हें घर लाने के लिए रवाना हुए। रास्ते में गांव प्रहलादपुर के पास एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी जान ले ली। उनके साथ उनके मामा रामजीत भी थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक रामजीत, दिल्ली के मंडावली में रहकर मजदूरी करते थे। वह भी बेटी सलोनी की बीमारी की खबर पर गांव आ रहे थे। उनके चार बच्चे—सलोनी (18), वीनेश (14), हरिओम (17), अरुण (10) हैं। अब इन बच्चों के सिर से भी पिता का साया उठ गया है। पत्नी संगीता बेसुध हैं और बार-बार होश खो बैठ रही हैं।
मोहल्ले में शोक की लहर, हर आंख नम
अचानक हुई इस भीषण दुर्घटना से मोहल्ले में शोक की लहर फैल गई है। हर किसी की आंखें नम हैं। परिजन बार-बार बस यही कह रहे हैं कि मेहनतकश, ईमानदार और जिम्मेदार बेटे आखिर किस कसूर की सजा पा गए।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार कैंटर चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
