महिला को बेरहमी से पीटने का भी आरोप, मोहल्लेवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में घरेलू हिंसा की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। एक शराबी पति ने अपनी पत्नी को घर की छत से उल्टा लटकाया और बेरहमी से पीटा। इस भयावह घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को मुक्त कराया। यह घटना बरेली देहात की नगर पालिका आंवला की है। यहां आरोपी पति ने घर के विवाद के चलते अपनी पत्नी के साथ ऐसा बर्ताव किया। इसको सुनकर रूह कांप जाए। बताया जा रहा है कि पति शराब के नशे में था और किसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आकर उसने पहले पत्नी को पीटा, फिर उसे छत की रेलिंग से उल्टा लटका दिया। पीड़िता घंटों तक दर्द से चीखती रही, लेकिन आसपास के लोग डर के मारे कुछ नहीं कर सके। बाद में किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंची।
पुलिस पहुंची तो भागा आरोपी, पीड़िता ने बताई आपबीती
सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया है। जिसमें उसने बताया कि उसका पति आए दिन मारपीट करता है, और शराब पीकर बर्बरता की सारी हदें पार कर देता है।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई, तलाश जारी
बदायूं जिले के बजीरगंज निवासी रघुनाथ सिंह ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि बहन डोली की शादी वर्ष 2012 में नितिन के साथ कराई थी। बहनोई शराब का आदि है। वह नशे में बहन के साथ मारपीट करते थे। आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
महिला आयोग ने लिया संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है और जिला प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने कहा है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि दोबारा कोई और महिला शिकार न बने।
