बरेली : शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बरेली पुलिस ने ई-रिक्शा के संचालन पर नई सख्ती बरती है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अनियंत्रित ई-रिक्शा मूवमेंट के कारण उत्पन्न हो रहे जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने बड़ा फैसला लिया है। एक मई से शहर के नौ प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा के संचालन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया जाएगा, जबकि दस मार्गों पर ई-रिक्शा केवल एक दिशा में ही संचालित हो सकेंगे। एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने नई व्यवस्था की जानकारी देते हुए कहा कि “जिन इलाकों में भीड़ अधिक है या सड़कें संकरी हैं। वहां ई-रिक्शा के संचालन पर रोक जरूरी हो गई थी। यातायात सुचारू करने के लिए प्रतिबंध और एकल दिशा संचालन की व्यवस्था लागू की जा रही है।” उन्होंने बताया कि सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बैठक कर ई-रिक्शा चालकों को इस नई व्यवस्था के बारे में जागरूक करें ताकि सुचारू रूप से इस व्यवस्था का पालन हो सके।
इन 9 रास्तों पर रहेगा ई-रिक्शा पर पूर्ण प्रतिबंध
इन मार्गों पर एक भी ई-रिक्शा का संचालन नहीं हो सकेगा। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इन मार्गों पर कोई ई-रिक्शा संचालित पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
1. किला क्रासिंग से कटरा मानराय तक
2. श्यामगंज चौराहे से साहूगोपीनाथ तक
3. खलील तिराहे से कुतुबखाना तक
4. नावल्टी से कुतुबखाना तक
5. साहूगोपीनाथ से कुतुबखाना तक
6. सिकलापुर से पटेल चौक तक
7. बरेली कॉलेज से नावल्टी तक
8. मठ की चौकी से कुतुबखाना तक
9. श्यामगंज से साहूगोपीनाथ तक
इन 10 मार्गों पर लागू होगी एक तरफा संचालन व्यवस्था
इन मार्गों पर ई-रिक्शा केवल एक निश्चित दिशा में ही चल सकेंगे। दूसरी दिशा से ई-रिक्शा का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। इसका उल्लंघन करने वालों पर भी जुर्माना और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
1. चौपुला से नावल्टी वाया खलील तिराहा
2. नावल्टी से चौपुला वाया पटेल चौक
3. बरेली कॉलेज से नावल्टी वाया सिकलापुर
4. नावल्टी से सिकलापुर पटेल चौक
5. सिकलापुर से पटेल चौक वाया बरेली कॉलेज
6. पश्चिमी चौराहे से नगर निगम होते हुए
7. जंक्शन तिराहे से चौपुला
8. चौपुला से जंक्शन तिराहा वाया दामोदर पार्क, कचहरी
9. कोहाड़ापीर से अशोक नगर तिराहा तक
10. अशोक नगर से सूद धर्मकांटा, फिर सूद धर्मकांटा से कोहाड़ापीर तक
लागू होगी सख्त निगरानी
एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यातायात नियंत्रण कक्ष से भी लगातार निगरानी की जाएगी ताकि यातायात व्यवस्था में कोई बाधा न आए। पुलिस का प्रयास रहेगा कि नया ट्रैफिक प्लान सफलतापूर्वक लागू हो और आम जनता को राहत मिले।
