कासगंज/लखनऊ: यूपी के कासगंज जिले में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पत्नी के प्रेमी को लेकर फरार होने की रंजिश में एक पति ने प्रेमी की मां की बेरहमी से हत्या कर दी। यही नहीं, जब प्रेमी की बहन मां को बचाने आई तो उसे भी घायल कर दिया।
बहन पर भी किया हमला
यह वारदात थाना क्षेत्र के इतवारपुर गांव में हुई, जहां चंद्रकली (45 वर्ष), अपने पति प्रवीण कुमार, मां अनारकली और बेटी मंजू के साथ रहती थीं। करीब 9 महीने पहले चंद्रकली का बेटा सत्येंद्र, भोगपुर निवासी हितेंद्र उर्फ जीतू की पत्नी रूबी को भगाकर ले गया था। इससे नाराज हितेंद्र रविवार सुबह अपने भाई और साथियों के साथ सत्येंद्र के घर पहुंचा और फावड़े से चंद्रकली का गला काट डाला। बेटी मंजू को भी हमलावरों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस अफसर मौके पर, शुरू की जांच
घटना की सूचना पर पुलिस, एएसपी और सीओ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मुख्य आरोपी हितेंद्र उर्फ जीतू को गिरफ्तार कर लिया है। दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
