अमेठी/लखनऊ : यूपी के अमेठी में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब हरियाणा से शव लेकर बिहार के समस्तीपुर जा रही एक एंबुलेंस ने आगे चल रही पिकअप को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मृतकों में मृत व्यक्ति का बेटा और दो ड्राइवर भी शामिल हैं।
जाने कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के फिरोजपुर निवासी अशोक शर्मा के निधन के बाद उनका शव बिहार के समस्तीपुर स्थित पैतृक गांव ले जाया जा रहा था। एंबुलेंस में मृतक के बेटे सतीश शर्मा (26 वर्ष), गांव के रवि शर्मा (28 वर्ष), रिश्तेदार फुलो शर्मा (45 वर्ष), और शंभू राय (46 वर्ष) मौजूद थे। वाहन को हरियाणा के नूंह जिले के आबिद (28 वर्ष) और सरफराज (30 वर्ष) चला रहे थे।
पिकअप में टक्कर से गई जान
सुबह एंबुलेंस ने तेज रफ्तार में चल रही एक पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी। इस दर्दनाक टक्कर में सतीश, रवि, फुलो, आबिद और सरफराज की मौके पर ही मौत हो गई। शंभू राय गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद एम्स रायबरेली रेफर कर दिया गया है। इसमें मृतकों की पहचान राजकुमार शर्मा उर्फ सतीश शर्मा (26 वर्ष), रवि शर्मा (28 वर्ष) निवासी रामभद्रपुर, समस्तीपुर, बिहार,फुलो शर्मा (45 वर्ष) निवासी रवि टोला, हथौड़ी, समस्तीपुर, बिहार, आबिद (28 वर्ष) निवासी नूंह, हरियाणा और सरफराज (30 वर्ष) निवासी नूंह, हरियाणा की मौत हो गई, जबकि शंभू राय निवासी पुरी नाही, थाना वारिस नगर, समस्तीपुर, बिहार घायल है।
नींद की झपकी आने से गई जान
सूचना मिलते ही डीएम संजय कुमार चौहान, एसपी अपर्णा रजत कौशिक और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य के बाद यातायात बहाल किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना की वजह एंबुलेंस चालक को झपकी आना और तेज रफ्तार रही।
