अवैध संबंध बना कत्ल की वजह, मेरठ के ड्रम हत्याकांड से मिलती-जुलती क्रूरता
लखनऊ / देवरिया : उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की नृशंस हत्या कर दी और शव को सूटकेस में भरकर जंगल में फेंक दिया। मृतक की पहचान तरकुलवा थाना क्षेत्र के पड़ी चावल पटखौली गांव निवासी नौशाद अहमद (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो हाल ही में दुबई से वापस लौटकर अपने परिवार के पास आया था। वह दुबई में ड्राइवर बताया गया है। यह हत्याकांड भी मेरठ के सौरभ हत्याकांड की तरह है। मगर, इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की एक 6 वर्ष की बेटी है। पुलिस ने बैग पर एयरपोर्ट के लगे ट्रेबल बार कोड से पहचान की। मृतक 10 दिन पहले ही आया था। उसके व्यवहार की गांव के लोगों ने तारीफ की, तो वहीं पत्नी को फांसी की सजा देने की मांग की
पति को नशीला पदार्थ खिलाकर उतारा मौत के घाट
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, नौशाद को उसकी पत्नी ने पहले नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया। इसके बाद प्रेमी की मदद से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। यही नहीं, हत्या के बाद शव को दो टुकड़ों में काटा गया और एक बड़े सूटकेस में भरकर देवरिया से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित तरकुलवा जंगल में फेंक दिया गया।
सूटकेस से उठी दुर्गंध, ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना

इस घटना का पर्दाफाश उस वक्त हुआ, जब जंगल से गुजर रहे ग्रामीणों को एक सूटकेस से दुर्गंध आती महसूस हुई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जब सूटकेस खोला गया तो अंदर इंसानी शरीर के दो टुकड़े पाए गए। मौके से मिले सुराग और गुमशुदगी की रिपोर्ट को मिलाकर पुलिस ने कुछ ही घंटों में हत्या की गुत्थी सुलझा ली।
अवैध संबंध बना खूनी साजिश की वजह
पुलिस की जांच में सामने आया है कि मृतक नौशाद की पत्नी राजिया का किसी युवक से अवैध प्रेम संबंध था। नौशाद को इसकी भनक पहले ही लग चुकी थी। इस वजह से घरेलू कलह आए दिन बढ़ती जा रही थी। इसी तनाव से छुटकारा पाने के लिए पत्नी और प्रेमी ने मिलकर हत्या की साजिश रची। बताया जाता है कि आरोपी महिला के अपने भांजे के साथ प्रेम प्रसंग काफी समय से चल रहा था। हालांकि, अभी पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
मेरठ के ड्रम हत्याकांड जैसी निर्ममता
यह मामला हाल ही में उत्तर प्रदेश के मेरठ में सामने आए नीले ड्रम हत्याकांड से मिलता-जुलता है। जिसमें एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मार डाला था और शव को घर में ड्रम में बंद कर छिपा दिया था। देवरिया का सूटकेस मर्डर केस भी उसी क्रूरता और अमानवीयता की बानगी पेश करता है।
पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और प्रेमी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानें क्या बोलीं पुलिस
स्थानीय थाना पुलिस ने मीडिया को बताया कि “हत्या की वजह प्रेम संबंध प्रतीत हो रही है। आरोपी पत्नी से पूछताछ जारी है। प्रेमी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।”
