बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के बीसीए छात्र के साथ कुछ युवकों ने बेरहमी से मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने इस हमले का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्र वेदांत सिंह कॉलेज की बस से लौट रहा था। जैसे ही वह सनसिटी गेट पर उतरा, तभी अरशद (असर), आर्यन, पारस और 4-5 अज्ञात युवकों ने उसे जबरन बाइक पर बिठाकर सुनसान जगह ले गए। वहां उसके साथ गाली-गलौज की गई और बुरी तरह पीटा गया। इस दौरान आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश भी की।
पीड़ित छात्र ने बताया कि आरोपियों ने मारपीट का वीडियो भी बना लिया और धमकी दी कि अगर उसने किसी से शिकायत की, तो वीडियो वायरल कर देंगे और उसे जान से मार देंगे।
छात्र के पिता नवल सिंह ने इज्जतनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा, मेरा बेटा बेहद डरा हुआ है। नि इस घटना से हमारा परिवार मानसिक रूप से परेशान है। पुलिस से निवेदन है कि जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। इज्जतनगर थाना प्रभारी ने बताया नि कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोग सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं और पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
