बरेली : यूपी के बरेली में बचपन की चहचहाहट एक दर्दनाक हादसे में हमेशा के लिए खामोश हो गई। शहर के संजय नगर क्षेत्र में 9 वर्षीय मासूम विराट यादव खेलते समय खुले सीवर के नाले में गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। विराट के परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। मगर, वह नहीं मिला। सोमवार को मोहल्ले के लोगों ने सीवर का पत्थर हटाया, तो उसकी नाले में लाश मिली है। सीओ संदीप सिंह ने मीडिया को बताया कि विराट घर से खेलने निकला था। मगर, वह घर नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने तलाश कर बारादरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मोहल्ले के लोगों को सीवर के खुले नाले में बच्चे के गिरने की आशंका थी। जिसके चलते नाले के पत्थरों को हटाया गया, तब बच्चे का शव मिला। इस मामले में कार्रवाई की जा रही है।
मां से कहा, “खेलने जा रहा हूं”, लेकिन फिर लौटकर नहीं आया
विराट के पिता हरिमोहन यादव, जो फर्नीचर का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा कोचिंग से लौटने के बाद मां प्रियंका यादव से खेलने की बात कहकर निकला था। वह पास की कॉलोनी रेडिसन गार्डन के पास खेलते हुए खुले नाले में जा गिरा, जो बारिश के पानी से लबालब भरा हुआ था। पानी में डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रातभर खोजबीन, सुबह मिला शव, मोहल्ले में मचा हाहाकार
परिजनों ने रातभर विराट की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।सोमवार को मोहल्लेवालों ने नाले के ऊपर रखे पत्थरों को हटाकर तलाश की, तो मासूम का शव पानी में तैरता मिला। यह दृश्य देखकर पूरे मोहल्ले में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, लापरवाही की जांच शुरू
सूचना पर बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या नाले के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था थी, या यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है।
बड़े बेटे को खोकर टूट गया परिवार
मृतक विराट, तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और एक प्राइवेट स्कूल में पहली कक्षा का छात्र था। उसके असमय निधन से परिवार पूरी तरह टूट गया है। मां-पिता और छोटे भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। संजय नगर मोहल्ले में गमगीन माहौल छा गया है।
![]()
