सुल्तानपुर/लखनऊ : यूपी के सुल्तानपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अखंडनगर थाना क्षेत्र के मरुई किशुनदासपुर गांव में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने अधिवक्ता महेंद्र कुमार मौर्या की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के वक्त अधिवक्ता अपने खेत में सिंचाई कर रहे थे। अचानक आए बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। यह घटना शनिवार देर रात की है। महेंद्र कुमार मौर्या, जो पेशे से अधिवक्ता थे। रोज़ की तरह अपने खेत की सिंचाई करने गए थे। उसी दौरान घात लगाए बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार में कोहराम, अधिवक्ताओं में आक्रोश
हत्या की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। कादीपुर बार एसोसिएशन के सचिव अखिलेश उपाध्याय ने प्रशासन से हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है और कहा कि यदि कार्रवाई में ढिलाई हुई तो अधिवक्ता समाज सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा।
पुलिस की तफ्तीश जारी, एक आरोपी पकड़ा गया
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मीडिया को जानकारी दी कि “रात लगभग 11 बजे सूचना मिली थी कि खेत में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की गई है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और घटना की जांच के लिए टीमें गठित की गई हैं। एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया है, अन्य की तलाश जारी है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।”
हत्या का कारण अज्ञात, कई एंगल पर जांच
अब तक की छानबीन में हत्या के कारण का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, जमीनी विवाद, और पेशे से जुड़े विवाद जैसे एंगल पर जांच कर रही है।
![]()
