नैनीताल जा रहे थे सैर पर, कार हाईवे पर खड़े ट्रक से जा टकराई, दो साल का मासूम भी नहीं बच पाया, तीन की हालत गंभीर
बरेली/शाहजहांपुर : यूपी के शाहजहांपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में गोरखपुर के एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। जिसमें एक दो वर्षीय मासूम बच्चा भी शामिल है। यह हादसा रोजा थाना क्षेत्र के जमुका गांव के पास उस वक्त हुआ जब परिवार कार से नैनीताल घूमने जा रहा था और उनकी कार हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई। यह परिवार यूपी के पूर्व सीएम कमलापति त्रिपाठी का रिश्तेदार बताया गया है।
जानें कैसे हुआ हादसा?
हादसा सोमवार का है। गोरखपुर से एक परिवार दो कार से नैनीताल जाने को निकला था। मारुति स्विफ्ट कार में शिवम पांडे अपने परिवार के साथ सवार थे। कार ड्राइवर अंगद चला रहा था। लखनऊ-बरेली हाईवे पर शाहजहांपुर जिले के जमुका गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से कार की भीषण टक्कर हो गई। ट्रक से उस समय मोरंग उतारी जा रही थी। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और सवार लोग उसमें बुरी तरह फंस गए। हादसे की आवाज़ सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
तीन की मौके पर ही मौत
इस भीषण दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इसमें कारोबारी शिवम (36 वर्ष), उनकी बहन श्वेता द्विवेदी (42 वर्ष), निवासी मालवीय नगर, गोरखपुर और शिवम के बेटे माधवन (2 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया गया है। मृत शिवम की पत्नी शालिनी, श्वेता का बेटा शिवांश और ड्राइवर अंगद गंभीर रूप से घायल है। उनको राजकीय मेडिकल कॉलेज, शाहजहांपुर में भर्ती कराया गया है। मृत श्वेता के पति डिप्टी सीएमओ हैं।
ट्रक चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और ट्रक खड़ा करने में लापरवाही की भी जांच होगी। SHO रोजा थाना ने मीडिया को बताया कि”हादसे की सूचना पर तत्काल रेस्क्यू शुरू किया गया। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। ट्रक मालिक और चालक की जानकारी खंगाली जा रही है।” गोरखपुर के मालवीय नगर में जब परिवार की दुर्घटना की खबर पहुंची तो इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पड़ोसी और रिश्तेदारों का कहना है कि परिवार गर्मियों की छुट्टी में बच्चों को घुमाने के लिए नैनीताल जा रहा था।
![]()
