बरेली : यूपी के बरेली जिले में पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाले गंभीर कृत्य के चलते थाना आंवला में नियुक्त उपनिरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) रहमत अली को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है।
एनबीडब्लू तामील में बरती लापरवाही
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक रहमत अली को माननीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (कक्ष संख्या-05), गैंगस्टर एक्ट जनपद बरेली की ओर से निर्गत गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराओं से संबंधित एक वाद (संख्या 20/2022, मुकदमा संख्या 702/2018, धारा 379, 420, 413, 411 भादवि एवं धारा 41/102 सीआरपीसी) के तहत गिरफ्तारी वारंट (एनबीडब्लू) की तामील का कार्य सौंपा गया था। वारंट थाना आंवला को दिनांक 22 अप्रैल 2025 को प्राप्त हुआ था और इसकी तामील की नियत तिथि 8 मई 2025 थी, लेकिन उपनिरीक्षक रहमत अली ने न, तो वारंट की तामील की और न ही उसे अदम तामील करके वापस भेजा। इसके बजाय उन्होंने एनबीडब्लू को बिना कारण अपने पास लंबित रखा, जिससे न्यायिक प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न हुई।
न्यायालय ने दर्ज किया क्रिमिनल मिस केस
इस लापरवाही के चलते न्यायालय ने प्रभारी निरीक्षक थाना आंवला के विरुद्ध क्रिमिनल मिस केस संख्या 10/2025 पंजीकृत किया गया और 13 मई 2025 को नोटिस भी जारी किया गया। इसके बाद भी उपनिरीक्षक रहमत अली ने न्यायालय के निर्देशों की अवहेलना करते हुए एनबीडब्लू की तामील में कोई रुचि नहीं दिखाई।
पदीय दायित्वों की अवहेलना का गंभीर आरोप
एसएसपी बरेली के अनुसार उपनिरीक्षक द्वारा किया गया कृत्य घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता एवं कदाचार का प्रतीक है, जिससे पुलिस विभाग की साख को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि उपनिरीक्षक रहमत अली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की जा चुकी है।
![]()
