हाथरस : सादाबाद क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यमुना एक्सप्रेसवे पर तड़के हुए इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह हादसा सादाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव गढ़ी हरिया के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर 3 मार्च की सुबह करीब चार बजे हुआ। जानकारी के अनुसार दिल्ली से गोरखपुर की ओर जा रही एक निजी डबल डेकर बस ने आगे चल रही इको कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इको कार में कुल 13 लोग सवार थे, जो दिल्ली से राजस्थान के राजाखेड़ा जा रहे थे। हादसे के तुरंत बाद कार में फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में इको सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। वहीं घायलों को उपचार के लिए खंदौली थाना क्षेत्र के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है। साथ ही मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।
