बरेली : यूपी के बरेली जिले के भमोरा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां प्रेम संबंध में उलझे एक युवक-युवती ने आत्मघाती कदम उठा लिया। इस घटना में युवक की मौत हो गई, जबकि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
खेत में पेड़ से लटका मिला युवक का शव
मंगलवार सुबह भमोरा थाना क्षेत्र के एक गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने खेत में एक पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटके युवक का शव देखा। मृतक की पहचान कृष्णपाल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो दिन पहले प्रेमिका ने खाया था जहर
ग्रामीणों के मुताबिक, दो दिन पहले पड़ोसी गांव की रहने वाली उसकी प्रेमिका ने जहर खा लिया था। उसे गंभीर हालत में शहर के मिनी बाईपास पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि जैसे ही कृष्णपाल को प्रेमिका के जहर खाने की जानकारी मिली, वह गहरे सदमे में चला गया।
शादी करना चाहते थे दोनों
गांव के लोगों ने बताया कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे। दोनों एक ही बिरादरी से थे। हालांकि, किन परिस्थितियों में मामला आत्महत्या तक पहुंचा। इस पर परिवार के लोग कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी सनी चौधरी ने THE Justice Hindi को बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवती का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
