बरेली: आंवला में महिलाओं से जुड़ी समस्याओं और योजनाओं के समाधान के लिए एक अहम पहल की जा रही है। 6 नवंबर को आंवला सभागार में महिला जनसुनवाई और जागरूकता चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडेय करेंगी। कार्यक्रम पूर्वाह्न 11:00 बजे से शुरू होगा।
दो सत्रों में होगा आयोजन
कार्यक्रम को दो सत्रों में विभाजित किया गया है। पहले सत्र में आयोग से संबंधित महिला उत्पीड़न और शिकायतों की जनसुनवाई की जाएगी। यहां उपस्थित महिलाएं अपनी समस्याएं सीधे आयोग के समक्ष रख सकेंगी। दूसरे सत्र में महिलाओं से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लाभार्थियों के आवेदन पत्र भरे जाएंगे।
इन योजनाओं का मिलेगा लाभ
इस कार्यक्रम में महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन योजना, कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना (सामान्य एवं कोविड), आयुष्मान कार्ड योजना और वृद्धावस्था पेंशन योजना जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा।
महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने की पहल
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ना, उनकी समस्याओं का निस्तारण करना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
