बरेली: आंवला के लीलौर ग्राम में सोमवार को एक अनोखी पहल की शुरुआत हुई। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने निराश्रित गोवंशों के गले में रेडियम बेल्ट पहनाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य रात के समय सड़कों पर बैठे या घूमते गोवंशों को आसानी से दिखाई देना सुनिश्चित करना है, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और मानव व गोवंश दोनों की सुरक्षा बनी रहेगी।
मंत्री बोले — गोवंश और इंसान दोनों होंगे सुरक्षित
मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि सड़कों पर अक्सर गोवंश के अचानक सामने आ जाने से हादसे होते हैं। अब रेडियम बेल्ट की वजह से वाहनों की हेडलाइट पड़ते ही उनकी स्थिति साफ दिखाई देगी, जिससे चालक सतर्क हो सकेंगे और दुर्घटनाओं से बचाव संभव होगा।
अधिकारियों ने भी पहनी रेडियम बेल्ट
इस मौके पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मनमोहन पांडेय ने भी गोवंशों को रेडियम बेल्ट पहनाकर अभियान को आगे बढ़ाया। यह कदम न केवल सड़कों को सुरक्षित बनाएगा बल्कि गोवंश संरक्षण की दिशा में बरेली प्रशासन का प्रेरणादायक प्रयास भी साबित होगा।
