मुरादाबाद : थाना गलशहीद में इंसानियत की एक ऐसी तस्वीर देखने को मिली जिसने हर किसी का दिल छू लिया। असालतपुरा निवासी करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग अपने बेटे और बहू के व्यवहार से परेशान होकर मदद की उम्मीद में थाने पहुंचे थे। बुजुर्ग की आंखों में दर्द और चेहरे पर बेबसी साफ दिखाई दे रही थी। उन्हें उम्मीद थी कि शायद पुलिस उनकी बात सुनेगी और उन्हें इंसाफ मिलेगा।
SHO ने बेटे को बुलाकर लगाई फटकार
थाना अध्यक्ष पवन कुमार ने बुजुर्ग की पूरी बात गंभीरता से सुनी और तुरंत उनके बेटे को थाने बुलवाया। SHO ने बेटे को समझाते हुए कहा कि जिस पिता ने पूरी जिंदगी बच्चों के लिए मेहनत की, आज उसी पिता को दुख देना बेहद गलत है। पुलिस की सख्ती और समझाइश का असर बेटे पर साफ दिखाई दिया। बेटे को अपनी गलती का एहसास हुआ और उसने अपने पिता के पैर छूकर माफी मांगी।
भावुक कर देने वाला पल आया सामने
थाने में मौजूद लोग उस वक्त भावुक हो गए जब बुजुर्ग अपने बेटे को गले लगाकर रो पड़े। इसी दौरान थाना अध्यक्ष पवन कुमार भी आगे आए और उन्होंने बुजुर्ग को गले लगा लिया। यह दृश्य ऐसा था जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। लोगों ने कहा कि उस समय SHO किसी पुलिस अधिकारी की तरह नहीं बल्कि बेटे की तरह बुजुर्ग का सहारा बने दिखाई दिए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई खाकी की इंसानियत
इसके बाद SHO ने बुजुर्ग को खाना खिलाया और सम्मान के साथ बेटे के साथ घर भेज दिया। अब मुरादाबाद पुलिस की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग पुलिस की जमकर तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि खाकी सिर्फ कानून नहीं, इंसानियत की पहचान भी है।
रिपोर्ट:रेहान, मुरादाबाद
