‘BJP 3C INFLATION’ बताकर सपा प्रमुख ने केंद्र सरकार को घेरा, बाराबंकी में लूट पर बोले-गृह मंत्रालय ठेके पर है क्या?
लखनऊ : पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए महंगाई को लेकर भाजपा सरकार को निशाने पर लिया और इसे “BJP 3C INFLATION” बताया।अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि “‘BJP 3C INFLATION’ मतलब भाजपाई कमीशन, करप्शन और कोविड महंगाई के कारण आम जनता को आज महंगाई की तीसरी डोज़ मिली है।” उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है और परिवहन लागत बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुएं भी महंगी हो रही हैं।
भाजपा समर्थकों पर भी साधा निशाना
सपा प्रमुख ने अपने बयान में भाजपा समर्थकों पर भी तंज कसा। उन्होंने लिखा कि जो लोग महंगाई बढ़ने के बावजूद भाजपा को वोट देने की बात करते हैं, उन्हें यह महंगाई मुबारक हो। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि भाजपा अपने समर्थकों को सदस्यता कार्ड देखकर ही महंगा पेट्रोल, डीजल और अन्य सामान बेचे, जबकि गरीबों और आम जनता को राहत दे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट
सपा प्रमुख अखिलेश यादव का यह बयान और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। समर्थक और विरोधी दोनों पक्षों के लोग इस पर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के बीच विपक्ष लगातार केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है।
बढ़ती कीमतों को लेकर जनता में नाराजगी
देश के कई हिस्सों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। इसका असर परिवहन, खेती और घरेलू बजट पर पड़ रहा है। ऐसे में विपक्ष महंगाई को बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने में जुटा हुआ है।
भाजपा पर तंज, बोले- बाहर इज्जत नहीं बची
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक वीडियो साझा करते हुए भाजपा नेताओं पर निशाना साधा है।अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “भाजपा नेता सोच रहे हैं कि उनके कुकर्मों की वजह से उनकी ‘बाहर’ तो कोई इज़्ज़त बची नहीं है; कम-से-कम ‘घर’ में तो बचा लें।” अखिलेश यादव का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उनके समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता इस पर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
बाराबंकी लूटकांड पर अखिलेश यादव का हमला, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
बाराबंकी में बंदूक की नोक पर घर में लाखों की लूट की घटना को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने घटना का वीडियो साझा करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “उप्र में गृह मंत्रालय है या ठेकेदारी पर दे दिया गया है? कुछ तो है जिसमें हिस्सेदारी है।”उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करते हुए सरकार पर अप्रत्यक्ष रूप से गंभीर आरोप लगाए।बाराबंकी में हुई लूट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी दहशत और नाराजगी का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
