बक्सर/बिहार: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मियां अपने चरम पर हैं। इस बीच ‘बदलो बिहार, बनाओ नई सरकार’ अभियान के तहत महागठबंधन के समर्थन में हम भारत के लोग संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुषार गांधी, कर्नाटक योजना आयोग के उपाध्यक्ष बी. आर. पाटिल, और किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनीलम ने बिहार के कई जिलों में सभाएं और प्रेस वार्ताएं कीं।
यह अभियान अब अपने चौथे चरण में है, जिसके तहत नेताओं ने पटना, आरा और बक्सर में जनता से संवाद किया। 23 अक्टूबर को पटना के दीघा में सीपीआई-एमएल की उम्मीदवार दिव्या गौतम के समर्थन में आयोजित बैठक में तुषार गांधी ने कहा कि बिहार का चुनाव सिर्फ बिहार का नहीं, बल्कि पूरे देश के भविष्य का चुनाव है।
तुषार गांधी बोले —बिहार फिर से परिवर्तन की भूमि बनेगा
तुषार गांधी ने कहा कि बिहार ने हमेशा देश में बदलाव की भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन के दौरान चंपारण सत्याग्रह ने जिस तरह देश को दिशा दी, उसी तरह आज भी बिहार के लोग सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के रास्ते पर चलकर लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि बिहार के चुनाव परिणाम मोदी सरकार के “संघी षड्यंत्रों” पर रोक लगाने का काम करेंगे।
बी. आर. पाटिल का आरोप – भाजपा को वोट चोरी की आदत पड़ चुकी है
कर्नाटक योजना आयोग के उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक बी. आर. पाटिल ने बिहार की प्रेस वार्ता में कहा कि भाजपा और एनडीए को वोट चोरी कर सरकार बनाने की आदत पड़ गई है। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक के आलंद विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं के नाम फर्जी ईमेल से डिलीट कराए गए थे, लेकिन कांग्रेस ने इसका पर्दाफाश कर दिया। पाटिल ने कहा कि कर्नाटक सरकार ने SIT गठित कर जांच कराई, मगर चुनाव आयोग अब भी मौन है, जो वोट चोरों के साथ खड़ा दिखता है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से मांग की कि मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए न्यायिक आयोग गठित किया जाए, जिससे लोकतंत्र को जिंदा रखा जा सके।
डॉ. सुनीलम ने कहा – बक्सर के किसान देंगे जवाब
किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनीलम ने कहा कि बिहार का चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने की दिशा में राष्ट्रीय महत्व का चुनाव है। उन्होंने कहा कि “बक्सर में किसानों पर हुए दमन का जवाब किसान इस चुनाव में डबल इंजन की सरकार को देंगे।” साथ ही उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर किसानों को उम्मीद है कि भागलपुर के पीरपैंती में अडानी समूह को 1 रुपए प्रति एकड़ दी गई जमीन वापस लेकर भूमिहीनों को वितरित की जाएगी।
आगे का कार्यक्रम
अभियान के संयोजक शाहिद कमाल ने बताया कि 26 अक्टूबर को भोरे (गोपालगंज) में सीपीआई-एमएल उम्मीदवार धनंजय कुमार के समर्थन में सभा होगी। 27 अक्टूबर को कांग्रेस उम्मीदवार अमिता (कदवा, कटिहार) और शकील अहमद खान के समर्थन में नागरिक संवाद आयोजित किया जाएगा। 28 अक्टूबर को सीतामढ़ी में राजद प्रत्याशी सुनील कुमार कुशवाह के समर्थन में प्रेसवार्ता होगी, जबकि 29 अक्टूबर को सिकटा (पश्चिम चंपारण) में सीपीआई-एमएल प्रत्याशी वीरेंद्र गुप्ता के समर्थन में सभा की जाएगी। 30 अक्टूबर को चौथे चरण के समापन पर हाजीपुर और राजापाकड़ में राजद एवं कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में सभाएं होंगी।
जनसंगठनों की भूमिका पर विश्वास
राजद के जिला अध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने कहा कि बक्सर और आसपास के जिलों के जनसंगठन पूरी मजबूती से महागठबंधन का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार बिहार की जनता बदले की नहीं, बदलाव की राजनीति चुनेगी।
