बरेली : जिले के स्कूलों में शिक्षण कार्य में लापरवाही और समय पर उपस्थिति दर्ज न कराने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) संजय सिंह ने कड़ी कार्रवाई की है। बीएसए कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार 21 सितंबर से 20 अक्टूबर तक अनुपस्थित या देर से पहुंचने वाले कुल 99 शिक्षकों, हेडमास्टरों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का एक दिन का वेतन काटा जाएगा।
निरीक्षण में उजागर हुई अनियमितताएं
विभागीय अधिकारियों के औचक निरीक्षण के दौरान कई स्कूलों में शिक्षक बिना सूचना अनुपस्थित या देर से पहुंचे पाए गए। कई विद्यालय प्रार्थना सभा के समय बंद मिले, वहीं कई जगहों पर बच्चों की उपस्थिति न्यूनतम थी। निरीक्षण रिपोर्ट में शिक्षण कार्य में ढिलाई और विद्यालय संचालन में अनियमितताओं की पुष्टि हुई। बीएसए ने बताया कि दोषी पाए गए कुल 99 कर्मियों में शामिल हैं। इसमें 5 हेडमास्टर, 51 शिक्षामित्र, 29 सहायक शिक्षक और 14 अनुदेशक शामिल हैं।
एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
बीएसए ने सभी के विरुद्ध एक दिन के वेतन कटौती के आदेश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि भविष्य में किसी भी तरह की लापरवाही या अनुपस्थिति पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाए। बीएसए संजय सिंह ने कहा, “शिक्षण कार्य में ढिलाई किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है। विद्यालयों में समय से उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। भविष्य में लापरवाही करने वालों पर निलंबन या सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई की जाएगी।”
औचक निरीक्षण होंगे हर सप्ताह
बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक सप्ताह विद्यालयों का औचक निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की उपस्थिति, शिक्षण स्तर और विद्यार्थियों की प्रगति का विस्तृत ब्योरा रिपोर्ट के रूप में बीएसए कार्यालय को भेजा जाएगा।
