एसपी चीफ बोले -देश संविधान से चलेगा, राम मंदिर चढ़ावा मामले में 105 घटनाओं पर भाजपा को घेरा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से जुड़े कई मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। लखनऊ स्थित सपा प्रदेश कार्यालय में उत्तराखंड समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक में उन्होंने उत्तराखंड के विकास, पलायन, रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दे उठाए। वहीं अलग-अलग बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण, संविधान, एक्सप्रेसवे की स्थिति और कथित फर्जी वीडियो को लेकर भी सवाल उठाए।
उत्तराखंड में पलायन और रोजगार का उठाया मुद्दा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तराखंड अपनी रजत जयंती मना रहा है, लेकिन राज्य गठन के जिन उद्देश्यों में पलायन रोकना, रोजगार उपलब्ध कराना और जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा शामिल थी। वे अपेक्षाओं के मुताबिक पूरे नहीं हुए। उन्होंने बेरोजगारी, पलायन और।मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर चिंता जताई। उन्होंने भाजपा सरकार पर उत्तराखंड के लोगों से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया और महिलाओं की सुरक्षा तथा अंकित भंडारी प्रकरण में न्याय का मुद्दा भी उठाया। ये सभी आरोप सपा अध्यक्ष के राजनीतिक बयान का हिस्सा हैं।
उत्तराखंड के लिए 1,000, और केदारनाथ के लिए 500 करोड़ का प्रस्ताव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच पुराने और भावनात्मक संबंध हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तराखंड के संतुलित विकास के पक्ष में है। सपा अध्यक्ष ने अपने बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उत्तराखंड में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और आवासीय व्यवस्था के लिए यूपी टूरिज्म की तर्ज पर 1,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा केदारनाथ क्षेत्र के विकास के लिए 500 करोड़ रुपये खर्च करने की बात कही। उन्होंने उत्तराखंड में धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक विकास से जुड़े कार्यों तथा पर्यटकों की सुविधाएं बढ़ाने की बात भी कही। यह सपा की ओर से घोषित
राजनीतिक प्रस्ताव है।
राम मंदिर चढ़ावा मामले में 105 घटनाओं पर घेरा
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की रकम में कथित गड़बड़ी को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आई 70 घटनाओं की संख्या अब 105 हो गई है और इसे उन्होंने बेहद गंभीर मामला बताया। यहां एक महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक SIT की जांच में मंदिर परिसर के CCTV फुटेज में 105 कथित अनधिकृत तरीके से नकदी हटाने की घटनाएं सामने आई हैं। सरकार ने अदालत को यह भी बताया है कि जांच पूरी होने के करीब है और चार्जशीट 25 सितंबर तक दाखिल की जानी है। हालांकि, अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक बयान में इन घटनाओं को भाजपा और उसके सहयोगियों से जोड़ने का आरोप लगाया।
संविधान को लेकर भी भाजपा पर निशाना
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने संविधान और डॉ. भीमराव आंबेडकर के मुद्दे पर भी भाजपा और उसके समर्थकों पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि संविधान को कमजोर करने या बदलने की कोशिशों के खिलाफ समाजवादी पार्टी आवाज उठाती रहेगी।उन्होंने संविधान को PDA समाज की “ढाल” और “रक्षा कवच” बताते हुए आरक्षण और। सामाजिक न्याय को संविधान से जोड़कर अपनी पार्टी का रुख दोहराया। अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा कि देश संविधान के अनुसार चलेगा और उन्होंने “जय जवान, जय किसान, जय संविधान” का नारा दिए जाने की बात कही।
फर्जी एनकाउंटर के बाद फर्जी वीडियो का आरोप
सोशल मीडिया पोस्ट में अखिलेश यादव ने एक वीडियो साझा कर आरोप लगाया कि “फर्जी एनकाउंटर के बाद फर्जी वीडियो भी बनाए जा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी कार्रवाई की मांग नहीं करेगी। क्योंकि उनके अनुसार ये सब भाजपा सरकार द्वारा कराया जा रहा है और जांच में क्लीन चिट मिल जाएगी। अखिलेश यादव पहले भी उत्तर प्रदेश में कथित फर्जी मुठभेड़ों और AI/फर्जी वीडियो को लेकर सरकार पर सवाल उठा चुके हैं।
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भी तंज

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर कानपुर -लखनऊ एक्सप्रेसवे की स्थिति को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने लिखा कि प्रदेश की जनता कह रही है कि भाजपा शासन में बने इस एक्सप्रेसवे का नाम “सबसे ज्यादा गड्ढे वाले एक्सप्रेसवे” के तौर पर गिनीज बुक में दर्ज होना चाहिए। यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्सों में धंसाव, जलभराव और मरम्मत को लेकर पहले से रिपोर्टें सामने आती रही हैं। अगस्त में कुछ स्थानों पर सड़क किनारे मिट्टी कटने और धंसने की खबरें भी आई थीं।
‘कौशिक समिति की रिपोर्ट’ पुस्तक भेंट की गई

सपा के राष्ट्रीय सचिव और उत्तराखंड के प्रमुख समाजवादी नेता डॉ. सत्य नारायण सचान ने अखिलेश यादव को ‘कौशिक समिति की रिपोर्ट एवं उत्तराखंड के सवाल’ पुस्तक भेंट की। डॉ. सचान ने चौधरी चरण सिंह स्मृति ग्रंथ भी उन्हें दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण से जुड़े मुद्दों को समझने के लिए यह दस्तावेज महत्वपूर्ण है। उन्होंने सामाजिक न्याय के संघर्ष को आगे बढ़ाने की बात कही। डॉ. सचान ने कहा कि यदि 24 अगस्त 1994 के उत्तर प्रदेश विधानसभा और विधान परिषद के प्रस्ताव को उत्तराखंड गठन के समय स्वीकार किया गया होता तो गैरसैंण राजधानी बनती और रोजगार तथा पलायन से जुड़े सवालों पर अलग स्थिति बन सकती थी। यह डॉ. सचान का दावा है।
टॉपर छात्रों को लैपटॉप देने की घोषणा
बैठक के दौरान अखिलेश यादव ने अल्मोड़ा की दिव्यांग छात्रा निशा मेहता और दून यूनिवर्सिटी के टॉपर वैभव बड़थ्वाल को लैपटॉप दिए। सपा के अनुसार दोनों छात्रों को उनके घर जाकर पार्टी नेता आभा बड़थ्वाल भी लैपटॉप प्रदान करेंगी।
मोहन सिंह की 14वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि
सपा मुख्यालय लखनऊ में समाजवादी विचारक और पूर्व सांसद मोहन सिंह की 14वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। अखिलेश यादव ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
