स्मृति मंधाना के 79 और ऋचा घोष के नाबाद 49 रन से भारत ने बनाए 216 रन, दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाजी से श्रीलंका 69 रन पर ढेर
बरेली: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 147 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने इन खेलों में अपना पहला स्वर्ण पदक हासिल किया। फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी कर 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 रन बनाए और जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर सिमट गई।
मंधाना-शेफाली ने दी तेज शुरुआत
निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए फाइनल में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। स्मृति मंधाना ने 45 गेंदों में 79 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें पांच चौके और सात छक्के शामिल रहे। शेफाली वर्मा ने 29 गेंदों में 48 रन बनाए, जबकि ऋचा घोष ने सिर्फ 22 गेंदों में नाबाद 49 रन की तूफानी पारी खेलकर भारत का स्कोर 216 रन तक पहुंचाया। यह एशियन गेम्स महिला क्रिकेट में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा।
भारतीय गेंदबाजों के आगे श्रीलंका पस्त
217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही। कप्तान चमारी अटापट्टू ने 21 गेंदों में 29 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी का सामना नहीं कर सकीं। दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट लेकर श्रीलंकाई पारी की कमर तोड़ दी, जबकि शेफाली वर्मा ने भी 2 विकेट हासिल किए। श्रीलंका की पूरी टीम 69 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने 147 रन से बड़ी जीत दर्ज की।
बरेली के स्पोर्ट्स स्टेडियम में मना जश्न
भारतीय महिला टीम की इस शानदार जीत की खबर मिलते ही बरेली के स्पोर्ट्स स्टेडियम में अभ्यास कर रही महिला खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई। खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। महिला क्रिकेट कप्तान गार्गी गंगवार ने कहा कि भारतीय बेटियों ने एक बार फिर साबित किया है कि वे किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत छोटे शहरों की लड़कियों के लिए भी बड़ी प्रेरणा है। खिलाड़ियों मीनाक्षी और दक्षिता ने बताया कि उन्होंने साथ बैठकर फाइनल मुकाबला देखा और भारतीय बल्लेबाजों के हर चौके-छक्के पर तालियां बजाईं। कोच मनीष कुमार सिंह ने भारतीय टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में संतुलित खेल दिखाया और फाइनल में शानदार जीत दर्ज की।
बेटियों की जीत पर शहर में गर्व
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की गोल्ड मेडल जीत के बाद बरेली के क्रिकेट प्रेमियों में भी उत्साह नजर आया। खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने इस जीत को महिला क्रिकेट के लिए प्रेरणादायक बताया। भारतीय टीम की यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि 2026 एशियन गेम्स में भारत के पदक अभियान का पहला गोल्ड इसी मुकाबले से आया।
