लखीमपुर खीरी और लखनऊ की घटनाओं का किया जिक्र, बोले- जीरो टॉलरेंस का दावा खोखला, 2027 में बदलाव का दावा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में अपराधी बेखौफ हैं और महिलाओं व बेटियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और प्रदेश महिलाओं के खिलाफ अपराध तथा साइबर क्राइम के मामलों में शीर्ष राज्यों में शामिल है। अखिलेश यादव ने लखीमपुर खीरी में दलित युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या और लखनऊ के पारा क्षेत्र में बीसीए छात्रा की हत्या सहित हाल की कई आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था की तस्वीर पेश करती हैं। उन्होंने बख्शी का तालाब क्षेत्र में युवक की हत्या का भी जिक्र किया और कहा कि अपराध पर नियंत्रण का सरकार का दावा वास्तविकता से मेल नहीं खाता।
भाजपा की ‘जीरो टॉलरेंस’ पूरी तरह फेल
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार का ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में हत्या, लूट, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराध लगातार हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने फर्जी मुकदमों, फर्जी एनकाउंटर, फर्जीवाड़े और अवैध गतिविधियों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार सत्ता से बाहर होगी और उसके बाद प्रदेश में कानून का राज स्थापित होगा तथा अवैध गतिविधियों और फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी।
काकोरी ट्रेन एक्शन की वर्षगांठ पर अखिलेश यादव ने क्रांतिकारियों को किया नमन
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने काकोरी ट्रेन एक्शन की वर्षगांठ पर देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले सभी क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निर्देश पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने काकोरी स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और शहीदों के साहस व बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि काकोरी के अमर सेनानियों का त्याग और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम में सपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
