सहगल होटल के पास बाइक सवार 11वीं के छात्र की गर्दन में धंसा चाइनीज मांझा, पहले भी वैभव प्रताप और राज्यमंत्री के भतीजे समेत कई लोग हो चुके हैं घायल
बरेली : शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का जानलेवा खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है।प्रशासन की कार्रवाई और प्रतिबंध के बावजूद लगातार लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। रविवार को किला थाना क्षेत्र के जसौली निवासी 17 वर्षीय छात्र आमीन बेग चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी गर्दन पर गहरा कट लगने से वह लहूलुहान हो गया। राहगीरों ने तत्काल उसकी मदद कर मांझा हटाया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। जानकारी के अनुसार, आमीन बेग 11वीं कक्षा का छात्र है। वह बाइक से लीची बाग स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहा था।
सड़क पर फैला चाइनीज मांझा, गर्दन में फंसा
शहर के सहगल होटल के पास अचानक सड़क पर फैला चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में उलझ गया और तेज धार के कारण गले पर गहरा घाव हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
लगातार सामने आ रहे हैं ऐसे मामले
बरेली में पिछले कुछ दिनों के भीतर चाइनीज मांझे से घायल होने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में बदायूं रोड निवासी वैभव प्रताप सिंह की गर्दन चाइनीज मांझे से कट गई थी। इससे पहले एक राज्यमंत्री के भतीजे भी इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में बाइक और स्कूटी सवार कई लोग चाइनीज मांझे से जख्मी हो चुके हैं।
पक्षियों के लिए भी जानलेवा
हर वर्ष मकर संक्रांति, स्वतंत्रता दिवस और अन्य अवसरों के आसपास ऐसे हादसों में बढ़ोतरी देखी जाती है। चाइनीज मांझा न केवल राहगीरों बल्कि पक्षियों के
लिए भी जानलेवा साबित होता है। इसके बावजूद शहर में इसकी अवैध बिक्री पूरी तरह नहीं रुक सकी है।
प्रतिबंध के बावजूद जारी है बिक्री
चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध होने के बावजूद शहर के कई इलाकों में इसकी अवैध खरीद-फरोख्त की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। बार-बार होने वाले हादसों के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने और नियमित अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
