एसपी चीफ बोले -कानून से नहीं, मनमर्जी से काम हो रहा,BJP सरकार पर भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग के आरोप,सरकार से सवाल पूछोगे तो कार्रवाई होगी?
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भाजपा सरकार पर कानून -व्यवस्था, लोकतंत्र, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार, किसानों और औद्योगिक क्षेत्र समेत कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में कानून और संविधान के बजाय मनमर्जी से काम हो रहा है और पुलिस को खुली छूट दी गई है। अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछने की आजादी होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कोई व्यक्ति सरकार से सवाल करता है या गांव, शहर और स्कूल की समस्या सामने लाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई और उत्पीड़न किया जाता है।
कानून-व्यवस्था और सत्ता के दुरुपयोग का लगाया आरोप
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कानूनों का दुरुपयोग कर रही है और लोगों पर झूठे मुकदमे लगाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष को बदनाम करने के लिए सत्ता के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने कहा कि “जब तक ये मुख्यमंत्री रहेंगे, जब तक ये सरकार रहेगी कानून से काम नहीं होगा, मनमर्जी से काम कर रहे हैं।” उन्होंने गुण्डा एक्ट को लेकर हाईकोर्ट की टिप्पणी को गंभीर बताते हुए सरकार पर संविधान और लोकतंत्र विरोधी होने का आरोप लगाया।
यूपी में मरीजों को नहीं मिल रही हैं स्वास्थ्य सेवाएं
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही चरम पर है और मरीजों को सही इलाज और दवाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार GDP और विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन आम लोगों की बुनियादी समस्याओं का समाधान जरूरी है। उन्होंने झांसी की एक घटना का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य और आर्थिक व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
पंचायत सहायकों और
आउटसोर्स कर्मचारियों का उठाया मुद्दा
पूर्व सीएम ने पंचायत सहायकों समेत विभिन्न संगठनों के धरना -प्रदर्शन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने कर्मचारियों को धोखा दिया और उनका समय बर्बाद किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ग्राम स्तर की नौकरियों की विसंगतियां दूर की जाएंगी।आउटसोर्स व्यवस्था खत्म कर पक्की नौकरी देने और वेतन विसंगतियां दूर करने की बात भी उन्होंने कही।
किसानों और MSME सेक्टर पर कही ये बात
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने MSME सेक्टर और औद्योगिक क्षेत्रों की स्थिति को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने लखनऊ के सरोजनीनगर और कानपुर के औद्योगिक क्षेत्रों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि छोटे और मध्यम उद्योगों को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने किसानों की फसलों की कीमत और खाद-बीज की उपलब्धता को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि आलू, गन्ना और मक्का समेत कई फसलों के किसानों को उचित कीमत नहीं मिल रही है।
विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी कसा तंज
उन्होंने विदेशों में आयोजित समिट और विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को पर्यावरण, कृषि, स्पेस टेक्नोलॉजी, अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल क्षेत्र में वास्तविक उपलब्धियों का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने शहरों में जाम, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और नदियों की सफाई जैसे मुद्दे उठाए। अपने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने सड़कों को लेकर भाजपा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए “भ्रष्टाचार का सुपरहाईवे” जैसे तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया।
पत्रकारिता और महिला पत्रकार के मुद्दे पर सरकार को घेरा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक महिला पत्रकार से जुड़े मामले को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्रकार द्वारा मुख्यमंत्री से सवाल पूछने की कोशिश के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सवाल पूछने और अपनी बात रखने की स्वतंत्रता होनी चाहिए। उन्होंने महिला आयोग और पत्रकार संगठनों से मामले का संज्ञान लेने की अपील करते हुए इसे निंदनीय बताया।
सोशल मीडिया पोस्ट से भी भाजपा पर तीखे हमले
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को सोशल मीडिया पर कई पोस्ट के जरिए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा पर भ्रष्टाचार को लेकर तंज कसते हुए कहा कि “भाजपाई भ्रष्टाचार की रेट लिस्ट तैयार है” और सवाल किया कि भाजपा सरकार है या दुकानदार। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने पर्दे का जिक्र करते हुए भाजपा के कथित भ्रष्टाचार का पर्दाफाश होने की बात कही। वहीं,लखनऊ में थाने के सामने हुई हत्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कानून -व्यवस्था पर सवाल उठाया और आरोप लगाया कि बदमाशों को शासन-प्रशासन की साठगांठ से संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के स्कूलों से जुड़े मामलों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा और “अबकी बार भाजपा पक्का बाहर” का नारा दिया।
