36 और 60 पृष्ठ वाले पासपोर्ट की फीस बढ़ी, पुलिस सत्यापन शुल्क भी 500 से बढ़कर 750 रुपये
बरेली: पासपोर्ट बनवाने वालों के लिए अहम खबर है। केंद्र सरकार की नई शुल्क व्यवस्था लागू होने के बाद पासपोर्ट बनवाने और उससे जुड़ी कई सेवाओं की फीस बढ़ गई है। हालांकि, 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और आठ वर्ष तक के बच्चों को नए पासपोर्ट आवेदन पर शुल्क में 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यह छूट केवल नए पासपोर्ट पर मिलेगी, न कि नवीनीकरण (रिन्यूअल) के मामलों में। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने मीडिया को बताया कि बरेली क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से बरेली, अमरोहा, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बदायूं, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिले जुड़े हैं। बरेली में मुख्य पासपोर्ट कार्यालय और एक पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित है, जबकि अन्य जिलों में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों के माध्यम से आवेदन लिए जा रहे हैं। वर्तमान में रोजाना करीब 1,400 आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। नई व्यवस्था के तहत 36 पृष्ठ वाले सामान्य पासपोर्ट के लिए 5,000 रुपये और तत्काल सेवा के लिए 7,500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं, 60 पृष्ठ वाले पासपोर्ट के लिए सामान्य श्रेणी में 6,000 रुपये और तत्काल सेवा में 8,500 रुपये शुल्क देना होगा।
बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को राहत
आठ वर्ष तक के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को नए पासपोर्ट आवेदन पर 10 प्रतिशत शुल्क छूट मिलेगी। हालांकि, पासपोर्ट नवीनीकरण पर यह छूट लागू नहीं होगी। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए 36 पृष्ठ वाले नए पासपोर्ट या नवीनीकरण का शुल्क 1,750 रुपये तथा तत्काल सेवा का शुल्क 4,250 रुपये रहेगा। यदि नाबालिग का पासपोर्ट खो जाता है या क्षतिग्रस्त हो जाता है तो सामान्य श्रेणी में 4,250 रुपये और तत्काल सेवा में 6,750 रुपये शुल्क देना होगा।
पुलिस सत्यापन भी हुआ महंगा
नई शुल्क व्यवस्था में पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC), सरेंडर सर्टिफिकेट, ग्लोबल एंट्री प्रोग्राम सत्यापन और अन्य प्रमाणपत्रों के लिए शुल्क 500 रुपये से बढ़ाकर 750 रुपये कर दिया गया है। इन सेवाओं के लिए तत्काल सुविधा उपलब्ध नहीं होगी, और सभी शुल्क ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जमा किए जाएंगे।
पासपोर्ट की वैधता
वयस्कों के पासपोर्ट की वैधता 10 वर्ष रहेगी, जबकि नाबालिगों का पासपोर्ट पांच वर्ष या 18 वर्ष की आयु पूरी होने तक, जो पहले हो, वैध माना जाएगा।
11 जुलाई को भी खुलेंगे सेवा केंद्र
पासपोर्ट आवेदकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बरेली समेत क्षेत्र के सभी पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र 11 जुलाई (शनिवार) को भी खुले रहेंगे। इसके लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट जारी कर दिए गए हैं और आवेदनकर्ता Passport Seva पोर्टल पर पहले से स्लॉट बुक कर सकते हैं।
