हाथरस में खौफनाक घटना, खून से सना वल्लम देखकर ग्रामीणों में दहशत, परिवार में मातम, जांच में जुटी पुलिस
हाथरस/लखनऊ : यूपी के हाथरस जिले के चंदपा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव केवलगढ़ी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 12 सितंबर की रात को वृद्ध किसान डोरीलाल उपाध्याय की धारदार हथियार से प्रहार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। 13 सितंबर की सुबह उनका शव खेत में पड़ा मिला। जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शव के पास खून से सना वल्लम बरामद हुआ है। जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि उसी हथियार से वार कर हत्या की गई।
जानें कैसे हुई घटना?
किसान डोरीलाल उपाध्याय रोजाना की तरह नलकूप पर सोने गए थे। उनका बेटा हरिओम उन्हें रात में बाइक से नलकूप तक छोड़कर आया था, लेकिन अगली सुबह जब खेत में उनका शव पड़ा मिला तो परिजन और ग्रामीण सकते में आ गए।
शव के पास खून से सना वल्लम पड़ा हुआ था। मृतक के शरीर पर गहरे जख्मों के निशान पाए गए, जिससे साफ होता है कि हमला धारदार हथियार से किया गया।
हत्या का शकपुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही चंदपा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और वल्लम से मिली खून की जाँच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिवार में मचा कोहराम
डोरीलाल उपाध्याय का परिवार सदमे में है। उनका बेटा हरिओम घटना से स्तब्ध है। ग्रामीणों का कहना है कि डोरीलाल शांत स्वभाव के किसान थे और किसी से कोई विवाद नहीं था। ऐसे में हत्या की वजह को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने हर पहलू पर जांच शुरू कर दी है।
