सरकारी आवास में घूस लेते दबोचा गया अधिकारी, गोरखपुर न्यायालय में पेशी होगी
गोंडा/लखनऊ: यूपी के गोंडा जिले में करनैलगंज तहसील परिसर से एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। देवीपाटन मंडल एंटी करप्शन टीम ने तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक संजय शुक्ला को 10 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह घटना तहसील के सरकारी आवास में हुई, जहां आरोपी पैमाइश रिपोर्ट लगाने के नाम पर रकम की मांग कर रहा था।
जानें कैसे हुई कार्रवाई
थाना परसपुर, शाहपुर धनावा निवासी रामकुमार ने बताया कि राजस्व निरीक्षक संजय शुक्ला उन्हें पैमाइश रिपोर्ट लगाने के लिए लगातार परेशान कर रहे थे। कई बार संपर्क करने के बावजूद काम नहीं हो रहा था और अंततः 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई। मजबूर होकर रामकुमार ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की, जिसने मामले की जांच कर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।
रंगे हाथ पकड़ा गया अधिकारी
शुक्रवार को एंटी करप्शन टीम ने तहसील परिसर में बने सरकारी आवास में छापा मारा और राजस्व निरीक्षक संजय शुक्ला को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम प्रभारी राम सहाय यादव ने बताया कि आरोपी लखनऊ के शक्तिनगर इंदिरानगर का निवासी है और पिछले दो वर्षों से करनैलगंज तहसील में तैनात है।
देहात कोतवाली में मुकदमा दर्ज
पूछताछ के बाद देहात कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। आरोपी को गोरखपुर के विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा और जनता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। एंटी करप्शन टीम ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कोई अधिकारी पैमाइश या अन्य सरकारी कार्य के नाम पर रिश्वत की मांग करता है तो तुरंत शिकायत करें। इससे प्रशासन को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में मदद मिलेगी।
