बाराबंकी/लखनऊ : यूपी के बाराबंकी में शुक्रवार को तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हैदरगढ़-हरख मार्ग पर जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हरख में राजा बाजार के पास रोडवेज की अनुबंधित बस पर अचानक गूलर का विशाल पेड़ गिर पड़ा। यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे हुई, जब बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। पेड़ सीधा बस के आगे वाले हिस्से पर गिरा। इससे बस चालक समेत 4 लोगों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों में शिक्षा मल्होत्रा (53 वर्ष) और तीन अन्य अज्ञात यात्री शामिल हैं।
हादसे के बाद मचा कोहराम
पेड़ गिरते ही बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। बारिश की वजह से राहत और बचाव कार्य में देरी हुई, लेकिन वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पेड़ काटा और फंसे लोगों को बाहर निकाला।
घायलों को जिला अस्पताल में किया भर्ती
गंभीर रूप से घायल सैल कुमारी और सुधीर का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और गम का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि पेड़ काफी पुराना और कमजोर हो चुका था, बारिश और तेज हवा के चलते यह बस पर गिर गया।
