आप सांसद ने कहा- मोदी अदाणी के प्रधानमंत्री हैं! बजरंग दल पर बोले – नफरत से देश नहीं चलता
बरेली : आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह का बरेली में रविवार को अलग और सियासी संदेश देने वाला अंदाज देखने को मिला। वह बैलगाड़ी पर बैठकर फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के जरौल गांव पहुंचे और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा सरकार और बजरंग दल पर तीखे हमले किए।
बैलगाड़ी पर पहुंचे सांसद, गांव से दिया सियासी संदेश
ग्रामीण परिवेश में बैलगाड़ी पर सवार होकर पहुंचे संजय सिंह ने कहा कि देश की राजनीति को ज़मीन से जोड़ने की ज़रूरत है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कहा कि आम आदमी की आवाज़ को दबाया जा रहा है।
बांग्लादेश मुद्दे पर PM मोदी पर सवाल
एक सवाल के जवाब में संजय सिंह ने कहा कि बांग्लादेश में जो कुछ भी हो रहा है, उस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सख्त रुख अपनाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि “हैरानी की बात है कि प्रधानमंत्री मोदी इस पूरे मुद्दे पर एक शब्द भी नहीं बोले। कारण साफ है कि बांग्लादेश में उनके दोस्त अदाणी का बिजली का कारोबार चलता है। दोस्त का नुकसान न हो, चाहे देश का नुकसान हो जाए।” संजय सिंह ने आरोप लगाया कि “मोदी जी भारत के प्रधानमंत्री नहीं, अदाणी के प्रधानमंत्री हैं। पहाड़,पर्वत और संसाधन बेचे जा रहे हैं।”
बजरंग दल पर तीखा हमला
क्रिसमस से पहले चर्च के बाहर हनुमान चालीसा पाठ के मामले को लेकर संजय सिंह ने बजरंग दल को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा“हिंदू धर्म पूरी दुनिया को वसुधैव कुटुम्बकम् का संदेश देता है। अगर, हनुमान चालीसा पढ़नी है, तो मंदिर में पढ़िए। चर्च या मस्जिद के सामने जाकर पढ़ने के लिए किसने कहा?” उन्होंने आरोप लगाया कि बजरंग दल के लोग होटलों में घुसकर मारपीट कर रहे हैं। “यह अधिकार इन्हें किसने दिया? इससे समाज में डर और आतंक का माहौल बन रहा है।”
यूपी में डर और बेरोजगारी का माहौल: संजय सिंह
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में नौजवान जब रोजगार मांगता है तो उसे लाठी मिलती है। उन्होंने आरोप लगाया कि “भाजपा नफरत की बुनियाद पर हिंदुस्तान को बनाना चाहती है, जो कभी सफल नहीं हो सकता। लोग भाजपा से निजात चाहते हैं।”
SIR पर बोले – ‘वोट को बचाने की जरूरत’
एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर संजय सिंह ने कहा “जो बिहार में हुआ, वही अब यूपी में किया जा रहा है। वोट को बचाने की जरूरत है।”उन्होंने कहा कि संविधान और बाबा साहब भीमराव आंबेडकर ने हर नागरिक को मतदान का अधिकार दिया है, लेकिन कहीं दलित को घोड़ी पर नहीं चढ़ने दिया जा रहा, कहीं कथावाचक की चोटी काटी जा रही पिछड़े वर्ग का आरक्षण छीना जा रहा। ये हालात बताते हैं कि यूपी में दलितों और पिछड़ों के अधिकारों पर हमला हो रहा है।
