रेल, सड़क और उद्योग से बदलेगा UP, आत्मनिर्भरता को मिलेगी मजबूती
बरेली : विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) एवं मध्यप्रदेश के प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने केंद्रीय बजट 2026-27 को उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट यूपी प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, कृषि, रोजगार और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा और यूपी को आत्मनिर्भर भारत का मजबूत स्तंभ बनाएगा। डॉ. महेंद्र सिंह शनिवार को बरेली स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट प्रदेश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ युवाओं और किसानों के भविष्य को भी सुरक्षित करेगा।
हाई-स्पीड रेल और रेलवे आधुनिकीकरण से यूपी को बड़ा लाभ
एमएलसी ने मीडिया को बताया कि बजट में घोषित सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और रेलवे आधुनिकीकरण का सबसे अधिक लाभ उत्तर प्रदेश को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यूपी पूर्व-पश्चिम और उत्तर-दक्षिण रेल नेटवर्क का केंद्र है। जिससे लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और आगरा जैसे शहरों की कनेक्टिविटी और व्यापार दोनों को गति मिलेगी।इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों, मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स और फ्रेट कॉरिडोर पर विशेष फोकस से पूर्वांचल, बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी को आपस में जोड़कर उद्योगों की लागत घटेगी और निवेश बढ़ेगा।
MSME ग्रोथ फंड से छोटे उद्योगों को मजबूती
डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि 10 हजार करोड़ रुपये का MSME ग्रोथ फंड उत्तर प्रदेश के कुटीर उद्योग, हस्तशिल्प,हैंडलूम, चमड़ा और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर के लिए संजीवनी साबित होगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और छोटे उद्यमियों को आर्थिक संबल मिलेगा। उन्होंने बताया कि 10 हजार करोड़ की बायोफार्मा शक्ति योजना से यूपी में फार्मा और मेडिकल डिवाइस मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश हेल्थ -केयर व मेडिकल इनोवेशन का बड़ा केंद्र बनेगा।
पूर्वांचल और बुंदेलखंड को विकास की मुख्यधारा में लाने वाला बजट
एमएलसी ने कहा कि बजट 2026 -27 में पिछड़े और आकांक्षी जिलों पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे पूर्वांचल और बुंदेलखंड में बुनियादी ढांचे का विकास होगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। कृषि क्षेत्र में एआई और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से किसानों को फसल, मौसम और बाजार की सटीक जानकारी मिलेगी, जिससे किसानों की उत्पादकता और आय में बढ़ोतरी होगी।
गंगा जलमार्ग और वाराणसी में नई संभावनाएं
डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि नेशनल वॉटरवे-1 (गंगा नदी) पर जहाजों के रखरखाव और संचालन क्षमता बढ़ाने के लिए वाराणसी में इनलैंड वॉटरवे शिप रिपेयर इकोसिस्टम स्थापित किया जाएगा। इससे प्रदेश में नए रोजगार अवसर पैदा होंगे और जल परिवहन को मजबूती मिलेगी।
36 जीवनरक्षक दवाओं पर शुल्क छूट
एमएलसी ने कहा कि बजट में कैंसर और गंभीर बीमारियों में उपयोग होने वाली 36 जीवनरक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क छूट दी गई है। इससे प्रदेश के लाखों परिवारों के इलाज का खर्च कम होगा और स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी।
बालिकाओं और युवाओं के भविष्य पर फोकस
डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि।बालिकाओं की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल की घोषणा की गई है,जिससे बेटियों को सुरक्षित आवास और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा।युवाओं के लिए 15,000 स्कूलों और 500 कॉलेजों में एनीमेशन, गेमिंग और आधुनिक लैब स्थापित की जाएंगी, ताकि वे भविष्य की तकनीकी नौकरियों के लिए तैयार हो सकें।
पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा
उन्होंने कहा कि 10,000 टूर गाइडों के प्रशिक्षण की योजना से काशी, अयोध्या, मथुरा और प्रयागराज जैसे धार्मिक पर्यटन स्थलों में रोजगार और पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
यूपी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा बजट
डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 उत्तर प्रदेश को विकास, निवेश और रोजगार की नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला बजट है और आने वाले वर्षों में इसके सकारात्मक परिणाम साफ दिखाई देंगे। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सियासी हमला बोला, और सपा सरकार की नाकामियों की जानकारी दी। इस दौरान यूपी सरकार के मंत्री डॉ.अरुण कुमार सक्सेना, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, मेयर उमेश गौतम, विधायक संजीव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष समेत प्रमुख भाजपा नेता मौजूद थे।
