हत्या चार-पांच दिन पुरानी होने की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच
कानपुर/लखनऊ: यूपी के कानपुर जिले के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 25 वर्षीय किन्नर काजल, और उसके 12 वर्षीय गोद लिए भाई देव की लूट के बाद हत्या कर दी गई। दोनों के शव शनिवार देर रात एक बंद कमरे में मिले। पुलिस ने ताला खुलवाया, तो कमरे में काजल का शव बेड के अंदर, और देव का शव बाहर पड़ा था। कमरे की हालत अस्त-व्यस्त थी, अलमारियां खुली हुई थीं। जिससे साफ़ पता चलता है कि वारदात हत्या और लूट के इरादे से हुई।
परिवार वालों ने जताई चिन्ता, मिली गहरी दुर्गंध
काजल और देव मैनपुरी के किशनी क्षेत्र के रहने वाले थे, और वे करीब एक महीने पहले ही योगेंद्र विहार में पूर्व सैनिक अभिमन्यु सिंह के मकान में किराये पर आए थे। मकान के एक अन्य कमरे में देविका नाम की एक अन्य किन्नर रहती है। काजल पिछले चार दिनों से अपनी मां गुड्डी का फोन नहीं उठा रही थी। इसके बाद गुड्डी घर पहुंचीं। उन्हें दरवाजा बंद,और ताला लगा देखकर शक हुआ।
दरवाजा खुलते ही दुर्गंध
जब पुलिस ने दरवाजा खोला, तो कमरे से गहरी दुर्गंध आने लगी। दोनों के शव मिले। काजल का मोबाइल भी गायब था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं, और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। रविवार सुबह दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शक किसी नजदीकी पर, हत्या के पीछे लूट की भी आशंका
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वारदात काजल के किसी नजदीकी ने अंजाम दी है। हत्या के बाद शवों को कमरे के अंदर बंद कर दिया गया।
आर्केस्ट्रा पार्टी के साथ जुड़ा था जीवन
पुलिस के मुताबिक, काजल और देव आर्केस्ट्रा पार्टी के साथ डांस कर जीवन यापन करते थे और शादी, समारोह आदि में पार्टियों में जाते थे। उनके साथ कमरे में रहने वाली देविका ने दो युवकों पर शक जताया है, जो अक्सर उसके कमरे में आते जाते थे।
