DCM से आ रही थी गंध, चालक फरार, पुलिस ने कहा-‘सींग थे, मांस नहीं’
शाहजहांपुर/लखनऊ: शिवतेरस पर पटना देवकली मंदिर जलाभिषेक को जा रहे कांवड़ियों ने उस वक्त हंगामा कर दिया, जब बदायूं-फर्रुखाबाद मार्ग पर एक DCM वाहन से मांस जैसी दुर्गंध आने का संदेह हुआ। आक्रोशित कांवड़ियों ने पहले तो, वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग गया। कांवड़ियों ने पीछा कर वाहन रुकवाया और आग के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, घटना जलालाबाद थाना क्षेत्र के कलान कस्बे के पास हुई। मौके पर पहुंचे परौर और कलान थानों की पुलिस ने स्थिति संभाली और भीड़ को शांत किया।
मांस नहीं, भैंस के सींग निकले!
मौके पर पहुंचे CO अजय राय ने बताया कि वाहन में मांस नहीं था, बल्कि भैंस के सींग भरे हुए थे। पशु चिकित्सक की जांच से इसकी पुष्टि हुई है। मामला तेज रफ्तार, दुर्गंध और धार्मिक यात्रा के दौरान हुई चूक से जुड़ा है। स्थानीय लोग नाराज़ हैं कि यह संदिग्ध वाहन तीन थाना क्षेत्रों से होते हुए कलान तक कैसे पहुंच गया। पुलिस अब चालक की तलाश और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रही है।
